रांची। रांची के Sector-3 स्थित HEC के जनरल मैनेजर प्रमोद कुमार बेहरा के घर में दिनदहाड़े डकैती हुई है। डकैतों ने प्रमोद कुमार बेहरा को बंधक बनाकर रखा और लूटपाट की। इस संबंध में प्रमोद कुमार बेहरा ने धुर्वा थाना में मामला दर्ज कराया है। उन्होंने बताया कि दोपहर में खाना खाने के लिए जब वे घर आये, तो कुछ लोग झूठे बहाने बनाकर घर में घुस आए। इनमें सौमेंद्र मंडल, नीरज कुमार, राहुल कुमार, राजेंद्र कुमार महंत और सौमेंद्र मंडल का ड्राइवर शामिल थे।
ये सभी लोग देसी कट्टा और चाकू लेकर आए थे। आरोपियों ने बेहरा को बंधक बनाकर 40 हजार नकद और करीब 6-7 लाख रुपये के गहने लूट लिए। इसके अलावा, उन्होंने 4 गैर-न्यायिक स्टांप पेपर और 2 सफेद कागजों पर जबरन हस्ताक्षर करवाए। इन कागजों में सौमेंद्र मंडल से 1.25 करोड़ और नीरज कुमार साह से 36 लाख रुपये कर्ज लेने की बात लिखवाई गई है।
प्रमोद कुमार बेहरा ने बताया कि जाते-जाते डकैतों ने जान से मारने और सोशल मीडिया पर बदनाम करने की धमकी दी। साथ ही, एक महीने के भीतर स्टाम्प पेपर पर लिखी रकम चुकाने की चेतावनी भी दी।
पूर्व परिचित हैं सौमेंद्र और नीरजः
जानकारी के मुताबिक, प्रमोद कुमार बेहरा की सौमेंद्र मंडल और नीरज कुमार साह से पहले से जान-पहचान थी। उन्होंने घर बनाने के लिए कर्ज लिया था। माना जा रहा है कि पैसे के लेन-देन को लेकर यह घटना हुई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सभी आरोपियों की तलाश की जा रही है।
इसे भी पढ़ें