Hair fall in women after 40
नई दिल्ली,एजेंसियां। महिलाओं में बालों का झड़ना एक आम समस्या है, लेकिन 40 साल की उम्र के बाद यह परेशानी अधिक बढ़ जाती है। इस उम्र में कई शारीरिक और मानसिक बदलाव होते हैं, जिनका सीधा असर बालों की सेहत पर पड़ता है। विशेषज्ञों के अनुसार, सही समय पर कारणों की पहचान और उचित देखभाल से हेयर फॉल को काफी हद तक नियंत्रित किया जा सकता है।
हार्मोनल बदलाव है मुख्य कारण
मैक्स अस्पताल की डर्मेटोलॉजिस्ट डॉ. सौम्या सचदेवा के अनुसार, 40 की उम्र के बाद कई महिलाओं में मेनोपॉज शुरू हो जाता है। इस दौरान एस्ट्रोजन हार्मोन का स्तर कम हो जाता है, जो बालों को मजबूत बनाए रखने में अहम भूमिका निभाता है। हार्मोनल असंतुलन के कारण बाल पतले होने लगते हैं और झड़ने की समस्या बढ़ जाती है।
पोषण की कमी और बीमारियां
आयरन, विटामिन डी, बायोटिन और प्रोटीन की कमी से भी बाल कमजोर हो जाते हैं। इसके अलावा थायराइड, डायबिटीज और कुछ ऑटोइम्यून बीमारियां भी हेयर फॉल की बड़ी वजह बन सकती हैं। इन बीमारियों को कंट्रोल में रखने से बालों के झड़ने की गति कम की जा सकती है।
मानसिक तनाव का असर
आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में तनाव भी हेयर फॉल का बड़ा कारण बन गया है। लगातार तनाव बालों के ग्रोथ साइकिल को प्रभावित करता है, जिससे बाल
समय से पहले झड़ने लगते हैं।
क्या हेयर फॉल को कंट्रोल किया जा सकता है?
अगर बाल झड़ने की वजह जेनेटिक या ऑटोइम्यून बीमारी है, तो इसे पूरी तरह रोकना मुश्किल हो सकता है। लेकिन अन्य मामलों में सही लाइफस्टाइल और डाइट से इसे काफी हद तक कंट्रोल किया जा सकता है।
हेयर फॉल रोकने के आसान उपाय
- प्रोटीन, आयरन और विटामिन से भरपूर आहार लें
- विटामिन डी के लिए धूप और मशरूम जैसे खाद्य पदार्थ शामिल करें
- पर्याप्त पानी पिएं
- तनाव कम करने के लिए योग और ध्यान करें
- नियमित रूप से सिर की हल्की मालिश करें
समय रहते सही कदम उठाए जाएं, तो 40 के बाद भी बालों को स्वस्थ और मजबूत बनाए रखना संभव है।








