Fruits to control blood sugar: ब्लड शुगर कंट्रोल रखना है तो जान लें कौन से फल हैं फायदेमंद?

3 Min Read

Fruits to control blood sugar

नई दिल्ली, एजेंसियां। डायबिटीज एक ऐसी बीमारी है जिसमें खानपान पर विशेष ध्यान देना बेहद जरूरी होता है। ब्लड शुगर लेवल को नियंत्रित रखने के लिए मरीजों को मीठी चीजों के साथ-साथ फलों के सेवन को लेकर भी सावधानी बरतने की सलाह दी जाती है। अक्सर लोगों में यह भ्रम रहता है कि डायबिटीज के मरीजों को फल बिल्कुल नहीं खाने चाहिए, जबकि विशेषज्ञों का कहना है कि सही फल और सही मात्रा में सेवन करने से कोई नुकसान नहीं होता।

डाइटिशियन के अनुसार

डाइटिशियन के अनुसार, फलों में मौजूद प्राकृतिक शुगर यानी फ्रक्टोज के साथ-साथ फाइबर, विटामिन, मिनरल्स और एंटीऑक्सीडेंट्स भी होते हैं, जो शरीर के लिए फायदेमंद हैं। यही कारण है कि संतुलित मात्रा में फल खाना डायबिटीज मरीजों के लिए लाभकारी हो सकता है।

विशेषज्ञों के मुताबिक, डायबिटीज के मरीज लो और मॉडरेट ग्लाइसेमिक इंडेक्स वाले फल जैसे सेब, अमरूद, नाशपाती, पपीता, संतरा या मौसंबी (साबुत), कीवी, अनार और बैरीज खा सकते हैं। ये फल ब्लड शुगर को धीरे-धीरे बढ़ाते हैं और शरीर को जरूरी पोषण भी देते हैं। हालांकि इनका सेवन सीमित मात्रा में करना जरूरी है।

किन फलों से बनाए दूरी?

वहीं कुछ फल ऐसे हैं जिनसे शुगर मरीजों को दूरी बनाकर रखने की सलाह दी जाती है। इनमें आम, केला, चीकू, अंगूर और सीताफल जैसे हाई शुगर वाले फल शामिल हैं। इसके अलावा फलों का जूस पीने से भी बचना चाहिए, क्योंकि जूस में फाइबर कम हो जाता है और शुगर तेजी से रक्त में घुल जाती है।

कौन से समय पर फल खाए?

फल खाने का समय भी महत्वपूर्ण माना जाता है। विशेषज्ञों के अनुसार सुबह 11 से 12 बजे के बीच या शाम 4 से 5 बजे के बीच फल खाना बेहतर होता है। खाली पेट या देर रात फल खाने से ब्लड शुगर बढ़ सकता है। फल को अकेले खाने के बजाय नट्स या प्रोटीन के साथ खाना ज्यादा फायदेमंद होता है, क्योंकि इससे शुगर का अवशोषण धीरे होता है।

एक सर्विंग में एक मध्यम आकार का फल या आधा कप कटे हुए फल पर्याप्त होते हैं और दिन में दो सर्विंग से अधिक नहीं लेना चाहिए। सही फल, सही मात्रा और सही समय का ध्यान रखकर डायबिटीज मरीज भी फलों का आनंद सुरक्षित तरीके से ले सकते हैं।

Share This Article