कैल्शियम की कमी से बचने के लिए रोज़ाना डाइट में शामिल करें ये सब्जियां

2 Min Read

Calcium deficiency vegetables

नई दिल्ली, एजेंसियां। कैल्शियम हमारे शरीर के लिए एक बेहद जरूरी मिनरल है, जो हड्डियों और दांतों को मजबूत रखने के साथ-साथ मांसपेशियों के सही कामकाज, नसों के संकेतों और दिल की धड़कन को नियंत्रित करने में अहम भूमिका निभाता है। कैल्शियम की कमी से हड्डियां कमजोर हो सकती हैं, फ्रैक्चर का खतरा बढ़ जाता है और बच्चों में हड्डियों का सही विकास नहीं हो पाता। इसके अलावा जोड़ों में दर्द, मांसपेशियों में ऐंठन, थकान और दांतों की कमजोरी जैसी समस्याएं भी देखने को मिल सकती हैं।

कैल्शियम की कमी को कैसे पूरा करें

आरएमएल हॉस्पिटल के मेडिसिन विभाग के डायरेक्टर, प्रोफेसर डॉ. सुभाष गिरि के अनुसार, कैल्शियम की कमी को दूर करने के लिए पालक एक बेहतरीन सब्जी है। पालक में न केवल कैल्शियम अच्छी मात्रा में पाया जाता है, बल्कि इसमें आयरन, मैग्नीशियम और विटामिन्स भी मौजूद हैं, जो कैल्शियम के अवशोषण में मदद करते हैं। इसे आप सब्जी, सूप या दाल में शामिल करके रोज़ाना खा सकते हैं।

इसके अलावा दूध, दही, तिल, बादाम, सोया प्रोडक्ट्स, चना और अन्य हरी पत्तेदार सब्जियां कैल्शियम के अच्छे सोर्स माने जाते हैं। कैल्शियम के सही अवशोषण के लिए विटामिन डी भी जरूरी है, इसलिए धूप में कुछ समय बिताना फायदेमंद रहता है।

हड्डियां कैसे होंगी मजबूत?

संतुलित डाइट और रोजाना पर्याप्त कैल्शियम लेने से हड्डियों की मजबूती बनी रहती है, मांसपेशियों की कमजोरी कम होती है और किडनी, दिल और नसों की सेहत भी बेहतर रहती है। विशेषज्ञों का कहना है कि कैल्शियम की कमी को अनदेखा करना लंबे समय में ऑस्टियोपोरोसिस और अन्य गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं का कारण बन सकता है।

Share This Article