हजारीबाग। हजारीबाग के कटकमदाग थाना अंतर्गत कदमा से एक शर्मनाक घटना सामने आई है। यहां एक गर्भवती महिला की घरेलू मारपीट में जान चली गई। महिला के जेठ और जेठानी पर हत्या का आरोप लगा है। मृतका के पति दिलीप कुमार ने बताया कि उसके बड़े भाई राजकुमार साव और भाभी सोनी देवी ने उसकी पत्नी कंचन देवी के सात माह के गर्भ में लात-घूंसे से मारा था।
जिससे उसकी पत्नी को गंभीर चोट लगी थी। कंचन करीब 6 दिनों से वंदना नर्सिंग होम में भर्ती थी। उसकी स्थिति को गंभीर देखते हुए उसे मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल रेफर किया गया। बावजूद इसके कंचन देवी की जान नहीं बचाई जा सकी।
पड़ोसी ने बताया कि राजकुमार साव और सोनी देवी कंचन के साथ झगड़ा करते थे। इस बार भी घरेलू विवाद हुआ था। इसमें दोनों जेठ-जेठानी ने कंचन के साथ मारपीट की। उसे पेट में लात और घूंसों से मारा।
दिलीप ने भैया और भाभी पर आरोप लगाते हुए कानूनी कार्रवाई की मांग की है। कंचन के पहले से दो बच्चे हैं। घटना वाले दिन 11:00 बजे रात में कंचन बचाओ-बचाओ चिल्ला रही थी। उसकी आवाज सुन पड़ोसी वहां पहुंचे थे।
पहले दिलीप के साथ की मारपीट
पड़ोसियों का कहना है कि पहले दिलीप को पीटा गया। उन्होंने देखा कि दिलीप कुमार को उसके पिताजी पकड़े हुए हैं और उसके बड़े भाई और भाभी लाठी से उसे पीट रहे हैं। जब पड़ोसी पहुंचे तो उन्होंने दिलीप कुमार को छोड़कर कंचन देवी की पिटाई शुरू कर दी। उन्होंने बेरहमी से कंचन को पीट कर घायल कर दिया। मना करने के बावजूद भी वे लोग नहीं मान रहे थे। बाद में उसे छुड़वाकर अस्पताल ले जाया गया।
इसे भी पढ़ें