रांची। रांची में गुरुवार सुबह घना कोहरा देखने को मिला। घने कोहरे की वजह से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। इसका असर रेल और हवाई यातायात पर भी पड़ा है। घने कोहरे के कारण बिरसा मुंडा रांची एयरपोर्ट से अन्य शहरों के लिए उड़ान भरने वाले कई विमान रद्द कर दिए गए और कई देर से उड़ान भरनेवाले हैं।
रांची से दिल्ली, कोलकाता, मुंबई और बेंगलुरु की उड़ानें रद्द कर दी गई हैं। वहीं, भुवनेश्वर, हैदराबाद, लखनऊ सहित अन्य शहरों के लिए विमान देरी से उड़ान भरेंगे, क्योंकि रांची एयरपोर्ट ये विमान अब तक नहीं पहुंचे हैं। अब तक 7 विमान रद्द हो चुके हैं और अन्य 6 विमान के उड़ान में अब भी देरी है।
एयरपोर्ट में यात्रियों के प्रवेश पर रोक
बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर यात्रियों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है। फिलहाल यात्रियों के टिकट का रिफंडिंग नहीं किया गया है। लोगों को स्पष्ट जानकारी नहीं मिलने से यात्रियों में भी नाराजगी थी। एयरपोर्ट के बाहर ही यात्रियों की भीड़ लगी है।
फिलहाल सभी यात्री एयरपोर्ट अथॉरिटी के द्वारा सूचना देने का इंतजार कर रहे हैं। रांची एयरपोर्ट से उड़ान भरने के लिए 1300 मीटर की विजिबिलिटी जरूरी है, जहां पांच सौ मीटर तक की ही विजिबिलिटी है। अब स्थिति सामान्य होने के बाद ही विमान उड़ान भर सकेंगे।
रेल सेवा भी प्रभावित
देश के उत्तर-उत्तर पूर्व एवं अन्य भागों में भयंकर शीतलहर, कोहरे की वजह से रेल यातायात पर भी असर पड़ा है। रांची और राज्य के अन्य प्रमुख स्टेशनों से होकर गुजरने वाली ट्रेनें काफी लेट है और यात्री परेशान हैं। कई ट्रेनें 12 से 20 घंटे तक लेट चल रही हैं।
इसे भी पढ़ें