रांची: झारखंड के सिंहभूम लोकसभा क्षेत्र की कांग्रेस सांसद गीता कोड़ा सोमवार को भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गईं।
पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई। इस मौके पर उनके पति और झारखंड के पूर्व सीएम मधु कोड़ा भी उपस्थित रहे।
बीजेपी ज्वॉइन करने के सांसद गीता कोड़ा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी कहती है कि सबको साथ लेकर चलेंगे लेकिन केवल अपने परिवार को लेकर साथ चलती है।
जहां जनता का हित हो वहीं रहना चाहिए। कांग्रेस में जनहित को नजरअंदाज किया जा रहा था तो मेरे लिए वहां रहना उचित नहीं था।
मैंने कांग्रेस का त्याग किया और बीजेपी में शामिल हुई। मैं यहां रहकर जनहित के काम करूंगी। गीता कोड़ा ने कहा कि देश गर्त में जा रहा है। कांग्रेस तुष्टिकरण की राजनीति करती है। मेरा वहां दम घुटता था।
गीता कोड़ा झारखंड में कांग्रेस की एकमात्र लोकसभा सांसद हैं। वर्ष 2019 में गीता कोड़ा पश्चिम सिंहभूम (चाईबासा) सीट से कांग्रेस के टिकट पर सांसद चुनी गईं।
वह पिछले कुछ समय से कांग्रेस पार्टी के कार्यक्रमों से दूर थीं। वह आज लोकसभा सदस्यता से भी इस्तीफा दे सकती हैं। माना जा रहा है कि पार्टी उन्हें सिंहभूम लोकसभा क्षेत्र से प्रत्याशी बनाएगी।
इसे भी पढ़ें