रांची : रिटायर्ड आइपीएस अधिकारी राजीव रंजन सिंह शनिवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय में आयोजित मिलन समारोह में अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ भाजपा में शामिल हो गये। इस अवसर पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने कहा कि आप सभी देश और दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी के सदस्य बने हैं। गंगा की तरह पवित्र इस पार्टी में आने के बाद सबों को पवित्र काम करने का मौका मिला है। गरीब, आदिवासियों और जरूरतमंदों की सेवा कर सब भारत माता की सेवा करेंगे।
भाजपा के लिए राजनीति जन सेवा का माध्यम है। ऐसे में सब मिलकर इसमें लगें और भाजपा को और अधिक जीवंत,धारदार और क्रियाशील बनाने का संकल्प लें। श्री प्रकाश ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2014 में देश की बागडोर संभालने के बाद से आत्मनिर्भर भारत, श्रेष्ठ भारत बनाने का जो संकल्प लिया, समग्रता के साथ समग्र विकास के जो 9 साल पूरे किए हैं, उस मुहिम को और तेज करना है।
अगले वर्ष होनेवाले आम चुनाव में इस राज्य की सभी 14 लोकसभा सीट जीतनी है ताकि फिर से मोदीजी को प्रधानमंत्री बना सकें। साथ ही अगले वर्ष होनेवाले झारखंड विधानसभा के चुनाव में भी राज्य से हेमंत सोरेन सरकार को विदा करना है, इसके लिए सब जुट जाएं।
पार्टी में शामिल होने के पश्चात सभा को संबोधित करते हुए राजीव रंजन सिंह ने कहा कि 30 सालों तक पुलिस विभाग में सेवा देने के बाद वे रिटायर हुए। पर फिर जीवन की दूसरी पारी शुरु करने का भी विचार तय कर रखा था। खुद को समाज सेवा के लिए हर लिहाज से तैयार करने का विचार किया। पाया कि भाजपा ही सबसे बेहतर पार्टी है।
वे इसी मिट्टी के लाल रहे हैं। उन्हें गर्व है कि भाजपा से जुड़कर वे इस राज्य की खुशहाली, समृद्धि के लिए काम करेंगे. बचा हुआ जीवन राज्य की उन्नति, सेवा के लिए लगाएंगे। पीएम मोदी का सपना सबका साथ, सबके विकास का है। इसे साकार करने में वे योगदान देंगे।
पार्टी नेतृत्व जैसा दायित्व देगा, उसका निर्वाह करेंगे। मौके पर पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्य़क्ष डॉ दिनेशानंद गोस्वामी, प्रदेश महामंत्री और कार्यालय प्रभारी प्रदीप वर्मा, प्रदेश मंत्री सुबोध सिंह गुड्डू,बबुआ सिंह,सुबोध कांत,तारिक इमरान तथा अन्य उपस्थित रहे।