नई दिल्ली : भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व दिग्गज खिलाड़ी सलीम दुर्रानी का निधन हो गया है। उन्होंने गुजरात के जामनगर में 88 साल की उम्र में रविवार सुबह आखिरी सांस ली। दुर्रानी लंबे समय से बीमार चल रहे थे। उन्हें कैंसर था। सलीम दुर्रानी का जन्म 11 दिसंबर 1934 को अफगानिस्तान के काबुल में हुआ था।
8 महीने के दुर्रानी को लेकर उनका परिवार पाकिस्तान के कराची में आकर बस गया था। भारत और पाकिस्तान के बंटवारे के दौरान दुर्रानी का परिवार भारत आ गया था। क्रिकेट जगत में सलीम दुर्रानी ने 60-70 के दशक में अपने ऑलराउंड परफॉर्मेंस से एक खास पहचान बनाई थी।
भारतीय क्रिकेट इतिहास में दुर्रानी एक शानदार ऑलराउंडर के तौर पर जाने जाते हैं। उन्होंने साल 1960 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मुंबई टेस्ट में डेब्यू किया था। दुर्रानी विस्फोटक बल्लेबाजी के लिए जाने जाते थे।उन्हें उस जादुई स्पेल के लिए सबसे ज्यादा याद किया जाता है जिसने भारत को 1971 में वेस्टइंडीज में पहली टेस्ट जीत दिलाने में मदद की।
इस टेस्ट मैच को सुनील गावस्कर के टेस्ट डेब्यू के लिए भी याद किया जाता है। वह दर्शकों की मांग पर भी छक्के मारने के अपने जुनून के लिए जाने जाते थे। दुर्रानी ने भारत की ओर से कुल 29 टेस्ट मैच खेल। इस दौरान उन्होंने 1202 रन बनाए, जिसमें 1 शतक और 7 अर्धशतक शामिल हैं। इसके अलावा उन्होंने 75 विकेट लिए।
सलीम दुर्रानी पहले ऐसे भारतीय क्रिकेटर हैं, जिन्हें अर्जुन अवॉर्ड से सम्मानित किया गया था। 1960 में दुर्रानी को अर्जुन अवॉर्ड से नवाजा गया था।