Til-Gud Paratha Recipe:
नई दिल्ली, एजेंसियां। सर्दियों का मौसम आते ही घरों में गुड़ और तिल से बनी रेसिपियों की खुशबू फैलने लगती है। इस मौसम में ऐसे व्यंजन न सिर्फ स्वाद बढ़ाते हैं बल्कि शरीर को ठंड से बचाकर एनर्जी भी देते हैं। इन्हीं में से एक है तिल-गुड़ का पराठा, जो एक पारंपरिक मीठा व्यंजन है और खास तौर पर सर्दियों में खूब पसंद किया जाता है। हल्की धूप में बैठकर गरमा-गरम तिल-गुड़ का पराठा खाने का आनंद ही कुछ और है। यह रेसिपी आसान है और घर की सामान्य सामग्री से तैयार हो जाती है।
आवश्यक सामग्री:
- आटा – 2 कप
- गुड़ – 1 कप (कद्दूकस किया हुआ)
- तिल – आधा कप
- इलायची पाउडर – ½ छोटा चम्मच
- घी/तेल – जरूरत के अनुसार
- नमक – एक चुटकी
- पानी – गूंथने के लिए
कैसे बनाएं तिल-गुड़ का पराठा?
सबसे पहले एक बर्तन में आटा लें और उसमें नमक व थोड़ा सा घी या तेल मिलाकर मुलायम आटा गूंथ लें। इसे ढककर 10-15 मिनट के लिए अलग रख दें।
अब कड़ाही गर्म करें और तिल को हल्का भूनें। भुने हुए तिल को एक बाउल में निकालकर उसमें कद्दूकस किया हुआ गुड़ और इलायची पाउडर डालकर अच्छी तरह मिलाएं। यह पराठे की मीठी स्टफिंग तैयार हो जाएगी।अब आटे की छोटी-छोटी लोइयां बनाएं और एक लोई को हल्का बेलकर बीच में तैयार मिश्रण रखें। किनारों को जोड़कर स्टफिंग को अच्छी तरह सील कर दें। अब इसे हल्के हाथ से बेलकर पराठा तैयार करें।तवा गर्म करें और पराठे को दोनों तरफ से हल्का-हल्का सेकें। इसके बाद घी या तेल लगाकर सुनहरा होने तक अच्छे से सेंक लें। आपका स्वादिष्ट और पौष्टिक तिल-गुड़ पराठा तैयार है।
यह पराठा नाश्ते में या शाम की चाय के साथ परोसा जा सकता है। सर्दियों में यह व्यंजन शरीर को गर्माहट देने, पाचन सुधारने और ऊर्जा बढ़ाने में बेहद फायदेमंद होता है।



