Karela Recipe:
नई दिल्ली, एजेंसियां। करेला सेहत के लिए बेहद फायदेमंद माना जाता है, लेकिन इसका कड़वा स्वाद अक्सर बच्चों और बड़ों दोनों को पसंद नहीं आता। कई लोग तो करेला का नाम सुनते ही मुंह बना लेते हैं। हालांकि, अगर इसे सही तरीके से बनाया जाए तो करेला कड़वा नहीं बल्कि स्वाद में हल्का खट्टा-मीठा और बेहद टेस्टी लग सकता है। आइए जानते हैं करेला की खट्टी-मीठी सब्जी बनाने की आसान रेसिपी और कड़वाहट दूर करने का सही तरीका।
पहले दूर करें करेला की कड़वाहट
- सब्जी स्वादिष्ट बनाने के लिए सबसे जरूरी है करेला का कड़वापन कम करना।
- करेला को अच्छी तरह धोकर हल्का छील लें।
- अब उस पर अच्छी मात्रा में नमक लगाकर 10 मिनट के लिए रख दें।
- इसके बाद करेला को पानी से धो लें और हल्का निचोड़ लें।
इस प्रक्रिया से करेले की काफी कड़वाहट निकल जाती है। पुराने समय से दादी-नानी यही तरीका अपनाती रही हैं।
करेला की खट्टी-मीठी सब्जी बनाने की विधि

स्टेप 1: तैयारी
- करेला को गोल या लंबा काट लें। (गोल काटने पर बीज निकालने की जरूरत नहीं पड़ती।)
- 2 मध्यम आकार के प्याज को लंबा और मोटा काट लें।
- 3–4 लहसुन की कलियां बारीक काट लें।
- 1 हरी मिर्च काट लें।
स्टेप 2: मसाला भूनें
- कड़ाही में सरसों का तेल गरम करें।
- तेल गरम होने पर हरी सौंफ डालें।
- तुरंत लहसुन और हरी मिर्च डाल दें।
- थोड़ा सा हल्दी पाउडर मिलाएं।
- अब कटे हुए करेला और प्याज डालकर तेज आंच पर कुछ मिनट चलाते हुए भूनें।
- इसमें धनिया पाउडर, नमक और इच्छानुसार लाल मिर्च पाउडर मिलाएं।
स्टेप 3: खट्टा-मीठा स्वाद दें
- सब्जी को मध्यम आंच पर पकाएं और बीच-बीच में चलाते रहें।
- थोड़ी देर ढककर पकाएं ताकि करेला अच्छी तरह गल जाए।
- जब करेला लगभग पक जाए तो 1 छोटी चम्मच चीनी और आधा चम्मच आमचूर पाउडर डालें।
- सब्जी को हल्का क्रिस्पी होने तक भून लें।
क्यों नहीं लगेगी कड़वी?
नमक से कड़वाहट कम होती है, जबकि सौंफ, प्याज, चीनी और आमचूर करेला के कसैले स्वाद को संतुलित कर देते हैं। इससे सब्जी में खट्टा-मीठा स्वाद आ जाता है, जो बच्चों को भी पसंद आता है। अगर आप भी करेला खाने से बचते रहे हैं, तो एक बार इस रेसिपी से बनाकर जरूर देखें। स्वाद ऐसा होगा कि हर कोई दोबारा मांग कर खाएगा।







