Potato-beetroot tikki Recipe: जानिए सर्दियों में क्यों खास है शकरकंद-चुकंदर की टिक्की?

2 Min Read

Potato-beetroot tikki Recipe

नई दिल्ली, एजेंसियां। ठंड के मौसम में शकरकंद और चुकंदर दोनों ही सेहत के लिए बेहद फायदेमंद माने जाते हैं। शकरकंद शरीर को गर्माहट देता है और एनर्जी बढ़ाता है, जबकि चुकंदर खून की कमी दूर करने और इम्युनिटी मजबूत करने में मदद करता है। इन दोनों का कॉम्बिनेशन न सिर्फ स्वाद में लाजवाब होता है, बल्कि यह टिक्की हेल्दी स्नैक के तौर पर भी एक बेहतरीन विकल्प है। इसका खूबसूरत गुलाबी रंग बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को आकर्षित करता है।

शकरकंद-चुकंदर टिक्की के लिए आवश्यक सामग्री

इस स्वादिष्ट टिक्की को बनाने के लिए उबले और मैश किए हुए शकरकंद, कद्दूकस किया हुआ चुकंदर, बारीक कटी प्याज, हरी मिर्च, अदरक-लहसुन का पेस्ट और ताजा हरा धनिया चाहिए। स्वाद बढ़ाने के लिए चाट मसाला, लाल मिर्च पाउडर, हल्दी, गरम मसाला और नमक डाला जाता है। टिक्की को बांधने और कुरकुरापन लाने के लिए कॉर्नफ्लोर और ब्रेड क्रम्ब्स का इस्तेमाल किया जाता है। पकाने के लिए थोड़ा सा तेल पर्याप्त होता है।

शकरकंद-चुकंदर की टिक्की बनाने की आसान विधि

सबसे पहले शकरकंद को उबालकर अच्छी तरह मैश कर लें। चुकंदर को धोकर छीलें और कद्दूकस कर लें। अब एक बड़े बर्तन में शकरकंद और चुकंदर मिलाएं। इसमें प्याज, हरी मिर्च, धनिया और अदरक-लहसुन का पेस्ट डालें। अब सभी सूखे मसाले और नमक डालकर मिश्रण को अच्छी तरह गूंध लें। इसके बाद कॉर्नफ्लोर और ब्रेड क्रम्ब्स मिलाएं ताकि टिक्की टूटे नहीं।

Potato-beetroot tikki Recipe

मिश्रण से छोटे-छोटे हिस्से लेकर गोल करें और हल्का दबाकर टिक्की का आकार दें। तवे या पैन में थोड़ा तेल गर्म करें और टिक्कियों को धीमी आंच पर दोनों तरफ से सुनहरा और कुरकुरा होने तक सेंक लें।

कैसे करें सर्व?

गरमागरम शकरकंद-चुकंदर टिक्की को हरी चटनी या टोमैटो सॉस के साथ परोसें। यह स्नैक शाम की चाय, बच्चों के टिफिन या मेहमानों के लिए एकदम परफेक्ट है।

Share This Article