Saffron thandai for Mahashivratri: होली और महाशिवरात्रि के लिए खास घर पर बनाएं लाजवाब केसर ठंडाई

2 Min Read

Saffron thandai for Mahashivratri

नई दिल्ली, एजेंसियां। गर्मी और त्योहारों के मौसम में ठंडा और पौष्टिक पेय सभी के लिए राहत का काम करता है। केसर ठंडाई भारत की पारंपरिक और स्वादिष्ट ड्रिंक है, जो दूध, केसर और ड्राई फ्रूट्स से तैयार की जाती है। यह पेय न केवल स्वाद में लाजवाब है, बल्कि शरीर को ठंडक और ऊर्जा भी प्रदान करता है। बाजार में मिलने वाली ठंडाई की तुलना में घर पर बनी केसर ठंडाई अधिक शुद्ध, हेल्दी और खुशबूदार होती है।

क्या क्या डाले केसर ठंडाई में?

केसर ठंडाई बनाने के लिए सबसे पहले बादाम, काजू और पिस्ता को 3–4 घंटे या रात भर पानी में भिगो दें। भीगे हुए बादाम के छिलके उतारकर इन्हें मिलाकर मिक्सी में पीस लें। इसके साथ सौंफ, खसखस, काली मिर्च और इलायची डालकर बारीक पेस्ट तैयार करें। इस पेस्ट में थोड़ा दूध मिलाकर स्मूद पेस्ट बनाएँ।

Saffron thandai for Mahashivratri

बनाने की विधि

दूध को धीमी आंच पर उबालें और हल्का गाढ़ा होने पर उसमें केसर के धागे डालें। अब तैयार ड्राई फ्रूट्स पेस्ट और स्वादानुसार चीनी मिलाएँ। इसे 5–7 मिनट तक धीमी आंच पर पकाएँ ताकि स्वाद पूरी तरह दूध में समा जाए। अंत में गुलाब जल डालकर इसे अच्छे से मिक्स करें।

ऐसे परोसे

ठंडाई को ठंडा होने दें या चाहें तो फ्रिज में रखकर सर्व करें। ऊपर से कटे हुए पिस्ता और केसर के धागे डालकर इसे सजाएँ। इस तरह तैयार केसर ठंडाई न केवल स्वादिष्ट है बल्कि स्वास्थ्यवर्धक भी है। दूध और ड्राई फ्रूट्स की वजह से यह पोषण से भरपूर पेय बनता है, जो बच्चों और बड़ों दोनों के लिए परफेक्ट है।

केसर ठंडाई खास तौर पर होली, महाशिवरात्रि और गर्मियों में पीने के लिए आदर्श है। यह शरीर को ठंडक देने के साथ-साथ मानसिक ताजगी भी प्रदान करती है। घर पर बनने के कारण आप इसे शुद्ध और बिना किसी केमिकल के तैयार कर सकते हैं। इस पारंपरिक पेय का स्वाद और खुशबू आपके त्योहारों और गर्मियों को और खास बना देगी।

Share This Article