Paratha for Winter:
नई दिल्ली, एजेंसियां। सर्दियों का मौसम आते ही किचन में गरमागरम पराठों की खुशबू फैलने लगती है। आलू और गोभी के पराठे तो हर घर में आम होते हैं, लेकिन ठंड के इस मौसम में कई और पौष्टिक और स्वादिष्ट पराठों के विकल्प भी मौजूद हैं, जो स्वाद के साथ शरीर को गर्माहट और पोषण दोनों देते हैं। इनमें मूली, मेथी, पालक, बथुआ और शलजम से बने पराठे शामिल हैं, जो सर्दियों में शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाने में भी मदद करते हैं।
मेथी पराठा:
सर्दियों में बाजार में मिलने वाली ताजी मेथी विटामिन A, C, K, आयरन और फाइबर से भरपूर होती है। मेथी पराठा बनाने के लिए मेथी की पत्तियों को बारीक काटें और आटे में नमक, हल्का घी और थोड़ा बेसन डालकर गूंथ लें। तवे पर सेंकें और अचार या दही के साथ परोसें। यह शरीर को गर्म रखता है और इम्यूनिटी को मजबूत बनाता है।
मूली पराठा:
मूली फाइबर और विटामिन C से भरपूर होती है, जो डाइजेशन सुधारने और इम्यून सिस्टम को मजबूत बनाने में मदद करती है। मूली को कद्दूकस कर उसका पानी निकाल लें। फिर उसमें नमक, हरी मिर्च, लाल मिर्च और धनिया पत्ती मिलाएं। आटे की लोई में भरकर पराठा बेलें और घी लगाकर सेंकें। गरमागरम मूली पराठा अचार या मक्खन के साथ परफेक्ट लगता है
पालक पराठा:
पालक विटामिन A, फोलेट और आयरन का बढ़िया स्रोत है। इसका पराठा बनाने के लिए पालक को बारीक काटकर आटे में मिलाएं, थोड़ा बेसन डालें और सॉफ्ट आटा गूंथ लें। रोटी की तरह बेलें और तवे पर घी से सेकें। यह पराठा खून की कमी और आंखों की कमजोरी को दूर करने में सहायक होता है।
बथुआ पराठा:
बथुआ सर्दियों की सुपरफूड सब्जी है, जिसमें कैल्शियम, आयरन, विटामिन A, C और K की भरपूर मात्रा होती है। बथुआ को साफ करके काट लें और आटे में मिलाकर गूंथ लें। इसे तवे पर सेंककर मक्खन या दही के साथ खाएं। बथुआ पराठा स्वादिष्ट होने के साथ हड्डियों को मजबूत और पाचन के लिए भी अच्छा होता है।
शलजम पराठा:
शलजम कम कैलोरी और पोषण से भरपूर सब्जी है। इसमें विटामिन C, फोलेट, पोटैशियम और कैल्शियम होता है। इसके पराठे के लिए शलजम और उसकी पत्तियों को बारीक काटें, मसाले डालकर आटे की लोई में भरें और घी के साथ सेंकें। शलजम पराठा वजन घटाने वालों के लिए एक बेहतरीन ऑप्शन है।
सर्दियों में सिर्फ आलू या गोभी पराठे तक सीमित न रहें। इन 5 तरह के पराठों को अपनी डाइट में शामिल करें। ये न केवल स्वाद में बेहतरीन हैं बल्कि सेहत के लिए भी बेहद फायदेमंद हैं। ठंड की सुबह हो या शाम, गरमागरम पराठों के साथ दिन को एनर्जी और स्वाद से भर दें।



