Jaggery paratha Recipe
नई दिल्ली, एजेंसियां। सर्दियों में सुबह का नाश्ता क्या बनाया जाए, यह सवाल अक्सर हर घर में उठता है। ऐसे में अगर कुछ ऐसा मिल जाए जो स्वादिष्ट होने के साथ-साथ सेहत के लिए भी फायदेमंद हो, तो दिन की शुरुआत और भी बेहतर हो जाती है। गुड़ का पराठा एक ऐसा ही देसी नाश्ता है, जो ठंड के मौसम में शरीर को गर्म रखने के साथ भरपूर एनर्जी देता है। गुड़ में मौजूद आयरन और मिनरल्स इसे बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी के लिए बेहतरीन विकल्प बनाते हैं।
गुड़ के पराठे के लिए जरूरी सामग्री
इस आसान रेसिपी को बनाने के लिए ज्यादा चीजों की जरूरत नहीं होती।
- गेहूं का आटा – 1 कप
- कद्दूकस किया हुआ गुड़ – 6 बड़े चम्मच
- घी – 6 छोटे चम्मच
- घर का बना सफेद मक्खन – 2 टुकड़े
गुड़ का पराठा बनाने की आसान विधि
सबसे पहले गुड़ को कद्दूकस कर लें और एक तरफ रख दें। अब मीडियम आंच पर तवा गरम होने के लिए रखें। दूसरी ओर गूंथे हुए आटे को चार बराबर हिस्सों में बांट लें। हर हिस्से को बेलकर रोटी बनाएं, जिसमें एक रोटी थोड़ी बड़ी रखें।
बड़ी रोटी पर एक छोटा चम्मच घी फैलाएं और उसके ऊपर एक बड़ा चम्मच कद्दूकस किया गुड़ डालें। किनारों पर थोड़ी जगह खाली रखें। अब छोटी रोटी को ऊपर रखें और किनारों को अच्छी तरह दबाकर बंद कर दें, ताकि गुड़ बाहर न निकले।
सेंकने और परोसने का तरीका
भरे हुए पराठे को गरम तवे पर रखें और दोनों तरफ 1–2 मिनट तक सेंकें। हल्का दबाते हुए दोनों तरफ घी लगाएं और पराठे को सुनहरा होने तक पकाएं। इसी तरह बाकी पराठे भी बना लें। तैयार गुड़ के पराठे को गरमागरम सफेद मक्खन के साथ परोसें।
क्यों है गुड़ का पराठा खास?
गुड़ का पराठा न सिर्फ स्वाद में लाजवाब होता है, बल्कि यह सर्दियों में शरीर को तुरंत ऊर्जा देता है। यह एक पारंपरिक, हेल्दी और झटपट बनने वाला नाश्ता है, जो ठंडी सुबहों को खास बना देता है।

