Cabbage peas tikki: गोभी और मटर से तैयार करें झटपट टेस्टी टिक्की

3 Min Read

Cabbage peas tikki Recipe

नई दिल्ली, एजेंसियां। सर्दियों का मौसम आते ही रसोई में फूलगोभी और हरी मटर की खुशबू बढ़ जाती है। आमतौर पर इन दोनों सब्जियों से सब्जी या पराठे बनाए जाते हैं, लेकिन अगर आप कुछ नया और स्वादिष्ट ट्राय करना चाहते हैं, तो गोभी-मटर टिक्की एक बेहतरीन विकल्प हो सकती है। यह स्नैक न सिर्फ स्वाद में लाजवाब होता है, बल्कि पौष्टिक भी होता है। शाम की चाय के साथ या हल्की भूख लगने पर इसे आसानी से घर पर बनाया जा सकता है। गोभी-मटर टिक्की का कुरकुरा स्वाद बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को पसंद आता है। इसे आप धनिया-पुदीना चटनी, इमली की चटनी या टमाटर सॉस के साथ सर्व कर सकते हैं। खास बात यह है कि इस रेसिपी को बनाने में ज्यादा समय भी नहीं लगता।

जरूरी सामग्री

इस स्वादिष्ट टिक्की को बनाने के लिए कद्दूकस की हुई फूलगोभी, उबली हुई मटर, उबला आलू, बेसन, ब्रेड क्रम्ब्स, चावल का आटा, हरी मिर्च, अदरक-लहसुन का पेस्ट, धनिया पत्ती और मसाले जैसे धनिया पाउडर, लाल मिर्च पाउडर, गरम मसाला, चाट मसाला और नमक की जरूरत होती है। टिक्की सेंकने के लिए थोड़ा तेल भी चाहिए।

बनाने की विधि

गोभी-मटर टिक्की बनाने के लिए सबसे पहले फूलगोभी को अच्छी तरह धोकर कद्दूकस कर लें और उसका अतिरिक्त पानी निकाल दें। अब एक बड़े बर्तन में कद्दूकस की हुई गोभी, उबली मटर और मैश किया हुआ आलू डालकर अच्छी तरह मिलाएं। इसके बाद इसमें हरी मिर्च, अदरक-लहसुन का पेस्ट और धनिया पत्ती डालें।अब मिश्रण में सभी सूखे मसाले मिलाकर अच्छी तरह मिक्स करें। टिक्की को बाइंड करने के लिए इसमें बेसन, चावल का आटा और ब्रेड क्रम्ब्स डालें और मिश्रण तैयार कर लें।मिश्रण से छोटे-छोटे हिस्से लेकर गोल या चपटी टिक्की का आकार दें। तवे पर हल्का तेल गर्म करें और टिक्कियों को दोनों तरफ से सुनहरा और कुरकुरा होने तक सेक लें।गरमा-गरम गोभी-मटर टिक्की तैयार है। सर्दियों में यह आसान और स्वादिष्ट स्नैक आपके परिवार के साथ बिताए समय को और भी खास बना सकता है।

Share This Article