रांची : झारखंड के जामताड़ा में 16 लाख नगद के साथ पांच साइबर क्राइम के आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। साइबर क्राइम के खिलाफ चलाये जा रहे अभियान के तहत जामताड़ा और नारायणपुर से इन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
इस संबंध में एसपी मनोज स्वर्गियारी ने थाने में आयोजित प्रेसवार्ता में बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि नारायणपुर और जामताड़ा में साइबर क्रिमिनल अपराध की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। इसके बाद उन्होंने प्रशिक्षु आइपीएस राकेश कुमार के नेतृत्व में एक टीम का गठन कर छापेमारी करायी। इसके बाद टीम ने सतुआटांड़ निवासी रियाज अंसारी, सियाटांड़ गांव के बिनोद मंडल तथा शंभुनाथ मंडल को गिरफ्तार किया।
बाद में उनकी निशानदेही पर नारायणपुर थाना क्षेत्र के मदनाडीह गांव के लक्ष्मण दत्ता और बिष्टोपुर गांव से मिलन दा को गिरफ्तार किया। हालांकि मदनाडीह गांव का आनंद दत्ता भागने में सफल रहा।
छापेमारी के दौरान लक्ष्मण दत्ता के घर से 16 लाख 38 हजार रुपये नगद, 11 मोबाइल और 13 सिम जब्त किया गया। इसके बाद सभी आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर गिरफ्तार पांचों आरोपियों को जेल भेज दिया गया। ये खुद को बिजली विभाग का अधिकारी बताकर ठगी करते थे।