Super Economy:
पटना, एजेंसियां। बिहार विधानसभा चुनाव में NDA की बड़ी जीत के बाद राज्य में तेज विकास और भारी निवेश की तैयारी शुरू हो गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की जोड़ी अब बिहार को “सुपर इकोनॉमी” बनाने के मिशन पर आगे बढ़ रही है। गृह मंत्री के अनुसार, राज्य में ₹1.8 लाख करोड़ का बड़ा निवेश आने वाला है, जिसके तहत 25 नई चीनी मिलें स्थापित की जाएंगी। यह बिहार में औद्योगिक गतिविधियों को नया आयाम देने वाला कदम माना जा रहा है।
रोजगार और स्किलिंग पर बड़ा फोकस
युवाओं को रोजगार दिलाने के लिए NDA ने 1 करोड़ नौकरी व रोजगार सृजन का वादा किया है। इसके तहत हर जिले में मेगा स्किल सेंटर बनेंगे, ताकि युवाओं को वैश्विक स्तर पर प्रतियोगी बनाया जा सके। साथ ही 10 नए औद्योगिक पार्क और अत्याधुनिक मैन्युफैक्चरिंग यूनिट्स स्थापित करने की योजना है।
इंफ्रास्ट्रक्चर में बड़े प्रोजेक्ट
राज्य में 7 बड़े एक्सप्रेसवे, 4 नए शहरों में मेट्रो सुविधा, 3600 किमी रेल ट्रैक आधुनिकीकरण और दस नए शहरों में हवाई सेवा शुरू करने की योजना है। पटना के पास एक नया ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल एयरपोर्ट और भागलपुर, दरभंगा व पूर्णिया में भी अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे विकसित करने की योजना है। अकेले सड़कों पर ₹54,000 करोड़ से अधिक खर्च होने वाला है।
अडानी ग्रुप की एंट्री
अदानी एंटरप्राइजेज ने बिहार में “मुंगेर-सुल्तानगंज रोड लिमिटेड” के नाम से नई कंपनी बनाकर गंगा पथ रोड परियोजना संभाली है। इससे बड़े कॉर्पोरेट हाउसों की बिहार में रुचि बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं।
गरीब, किसानों और महिलाओं के लिए गारंटी
सरकार ने “पंचामृत गारंटी” में मुफ्त राशन, 125 यूनिट मुफ्त बिजली और 5 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज शामिल किया है। महिलाओं के लिए ‘लखपति दीदी’ मिशन के तहत 1 करोड़ महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत करने की योजना है।किसानों के लिए कर्पूरी ठाकुर किसान सम्मान निधि में ₹3,000 सालाना, MSP पर खरीद और एग्री इंफ्रास्ट्रक्चर में ₹1 लाख करोड़ निवेश का वादा किया गया है।इन सभी पहलों से साफ है कि मोदी-नीतीश की संयुक्त सरकार बिहार में विकास की नई कहानी लिखने की तैयारी कर चुकी है।








