Sunetra Pawar Sports Department
मुंबई, एजेंसियां। महाराष्ट्र की राजनीति में आज बड़ा घटनाक्रम होने जा रहा है। पवार परिवार और एनसीपी की अंदरूनी सियासत के बीच सुनेत्रा पवार का उपमुख्यमंत्री पद संभालना तय हो गया है। राज्यपाल आचार्य देवव्रत शाम 5 बजे राजभवन में शपथ ग्रहण समारोह करेंगे। सूत्रों के अनुसार, यह कार्यक्रम केवल 10 मिनट का होगा और फिलहाल सिर्फ एजेंसियों को ही अनुमति दी गई है।
विभागों का बंटवारा और फडणवीस का वित्त विभाग
सूत्रों के मुताबिक, उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार को खेल विभाग और राज्य उत्पादन शुल्क विभाग की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। वहीं, वित्त विभाग फिलहाल मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के पास रहेगा। इसका सीधा मतलब है कि आने वाला महाराष्ट्र बजट 2026 फडणवीस ही पेश करेंगे। बजट सत्र 20 फरवरी से शुरू होगा और राजनीतिक माहौल को देखते हुए इस बार इसे बेहद अहम माना जा रहा है।
एनसीपी विलिनीकरण और गुटबाजी
एनसीपी के विलिनीकरण को लेकर अजित पवार गुट में नाराजगी देखी जा रही है। उनके समर्थक विधायक और मंत्री इस विलिनीकरण के पक्ष में नहीं हैं। शरद पवार की पार्टी के साथ बातचीत तो जारी है, लेकिन अजित पवार गुट ने विरोध जताया है। खासकर सुप्रिया सुले को लेकर इस गुट में असंतोष बताया जा रहा है। पार्टी इस चर्चा पर विराम लगाना चाहती है।
शपथ ग्रहण की प्रक्रिया
सुनेत्रा पवार थोड़ी देर में अपने राज्यसभा सांसद पद से इस्तीफा देंगी, जो सभापति सी.पी. राधाकृष्णन को भेजा जाएगा। इसके बाद दोपहर में उन्हें विधायक दल का नेता चुना जाएगा और शाम को उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण समारोह होगा।











