BMC Election 2026
मुंबई, एजेंसियां। 15 जनवरी को महाराष्ट्र के नगर निगम चुनाव (BMC Election 2026) के दिन मुंबई में लोकतंत्र का उत्सव देखने को मिला। इस मौके पर फिल्मी दुनिया के कई बड़े सितारे मतदान केंद्रों पर पहुंचे और अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। बॉलीवुड सितारों ने न सिर्फ वोट डाला, बल्कि आम लोगों से भी मतदान करने की अपील की।
अक्षय कुमार मीडिया से की बातचीत
अक्षय कुमार इस बार भी सबसे पहले वोट देने पहुंचे। उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा, “आज वह दिन है जब रिमोट कंट्रोल हमारे हाथ में है। मैं सभी मुंबई वासियों से वोट डालने की अपील करता हूं।” अक्षय के साथ उनकी पत्नी ट्विंकल खन्ना और अन्य परिवार के सदस्य भी मौजूद रहे। ट्विंकल ने कहा कि वोट डालकर हमें अपनी आवाज़ उठाने की शक्ति महसूस होती है। आमिर खान भी अपनी फैमिली के साथ मतदान करने पहुंचे, जिनमें उनके बच्चे इरा और जुनैद और एक्स वाइफ किरण राव शामिल थीं।
सुनील शेट्टी ने भी मतदान करने के बाद लोगों को वोट डालने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा, “यह अब तक के सबसे महत्वपूर्ण चुनावों में से एक है। हमें सिर्फ शिकायत नहीं करनी चाहिए, बल्कि वोट देकर अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।”
किन सेलेब्रटी ने किया मतदान?
इसके अलावा सान्या मल्होत्रा, नाना पाटेकर, तमन्ना भाटिया, जोया अख्तर, दिव्या दत्ता, राकेश रोशन, गुलजार, हेमा मालिनी और जॉन अब्राहम समेत कई फिल्मी सितारे अपने परिवार के साथ मतदान केंद्र पहुंचे। 90 वर्षीय सलीम खान ने भी वोट डाला, और उनके कैप पर सलमान खान की फिल्म “बैटल ऑफ गलवान” का नाम लिखा था, जिसने लोगों का ध्यान खींचा।गायक अनुप जलोटा और विशाल ददलानी ने भी मतदान किया। विशाल ने कहा कि उम्मीद है, जो भी जीतेगा वह शहर और लोकतंत्र के लिए जिम्मेदार होगा। इस तरह, बॉलीवुड सितारों की भागीदारी ने BMC चुनाव में जागरूकता और उत्साह बढ़ाया।







