MLA slap controversy
मुंबई,एजेंसियां। मुंबई के घाटकोपर पूर्व इलाके में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के विधायक पराग शाह एक विवाद में घिर गए हैं। ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन और फुटपाथ पर अतिक्रमण को लेकर निरीक्षण के दौरान उन्होंने एक ऑटो-रिक्शा चालक को थप्पड़ मार दिया। यह घटना महात्मा गांधी मार्ग पर हुई, जहां गलत दिशा में वाहन चलाने की लगातार शिकायतें मिल रही थीं।
दरअसल, वल्लभबाग लेन और खाऊगली क्षेत्र में दुकानदारों द्वारा फुटपाथ पर कुर्सियां और बेंच लगाकर किए गए अतिक्रमण से पैदल यात्रियों को भारी परेशानी हो रही थी। इन्हीं शिकायतों के मद्देनज़र विधायक पराग शाह इलाके का दौरा कर रहे थे। निरीक्षण के दौरान उन्होंने देखा कि कई वाहन चालक नियमों को नजरअंदाज करते हुए गलत दिशा में वाहन चला रहे हैं। इसी दौरान एक ऑटो चालक को गलत दिशा में चलते देख विधायक का गुस्सा भड़क गया और उन्होंने उसे थप्पड़ मार दिया।
क्या है मामला ?
विधायक की इस कार्रवाई का वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं। जहां कुछ लोग नियम तोड़ने वालों पर सख्ती को सही ठहरा रहे हैं, वहीं बड़ी संख्या में नागरिकों ने विधायक के इस व्यवहार की निंदा की है। लोगों का कहना है कि कानून हाथ में लेने का अधिकार किसी को नहीं है, चाहे वह जनप्रतिनिधि ही क्यों न हो।घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए पराग शाह ने कहा कि सार्वजनिक रास्तों पर अतिक्रमण और यातायात नियमों का उल्लंघन किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि भविष्य में ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी। हालांकि उन्होंने थप्पड़ मारने की घटना पर सीधे तौर पर माफी नहीं मांगी।
घोषित संपत्ति के मुताबिक
गौरतलब है कि पराग किशोरचंद्र शाह 2019 से घाटकोपर पूर्व से बीजेपी विधायक हैं। वे एक जाने-माने रियल एस्टेट डेवलपर भी हैं और मुंबई के सबसे अमीर विधायकों में गिने जाते हैं। घोषित संपत्ति के मुताबिक उनकी कुल संपत्ति करीब 500 करोड़ रुपये से अधिक है। यह घटना अब सत्ता के दुरुपयोग और जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी को लेकर बहस का विषय बन गई है।







