BJP Central Office Meeting
नई दिल्ली, एजेंसियां। भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) झारखंड के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद श्री दीपक प्रकाश ने मंगलवार को नई दिल्ली स्थित पार्टी के केंद्रीय कार्यालय में बीजेपी के नवनियुक्त राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष श्री नितिन नबीन से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान दीपक प्रकाश ने उन्हें इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी के लिए हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं।
दीपक प्रकाश ने कहा
मुलाकात के अवसर पर दीपक प्रकाश ने कहा कि नितिन नबीन का संगठनात्मक अनुभव बेहद सशक्त रहा है और वे लंबे समय से पार्टी संगठन के लिए समर्पित भाव से कार्य करते रहे हैं। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के साथ नितिन नबीन का गहरा जुड़ाव और युवाओं के साथ उनका जीवंत संवाद भारतीय जनता पार्टी की संगठनात्मक मजबूती को नई ऊर्जा देगा।
दीपक प्रकाश के अनुसार, पार्टी नेतृत्व द्वारा उन्हें यह महत्वपूर्ण दायित्व सौंपना एक कर्मठ, जमीनी और प्रतिबद्ध कार्यकर्ता के प्रति विश्वास और सम्मान का प्रतीक है।दीपक प्रकाश ने यह भी कहा कि नितिन नबीन जैसे अनुभवी नेता का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनना पार्टी के लिए एक सकारात्मक कदम है। उनके नेतृत्व में संगठनात्मक ढांचा और अधिक मजबूत होगा, जिससे कार्यकर्ताओं को दिशा और प्रेरणा मिलेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि नितिन नबीन के कुशल मार्गदर्शन में पार्टी के कार्यकर्ता राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया में और अधिक प्रभावी भूमिका निभाएंगे।
राज्यसभा सांसद ने आगे कहा
राज्यसभा सांसद ने आगे कहा कि नितिन नबीन का नेतृत्व विशेष रूप से युवाओं को बीजेपी की विचारधारा से जोड़ने में अहम साबित होगा। युवाओं को पार्टी से जोड़कर उन्हें भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करना समय की आवश्यकता है, और इस दिशा में नितिन नबीन की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होगी।अंत में दीपक प्रकाश ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ‘विकसित भारत’ के संकल्प को साकार करने के लिए संगठन की मजबूती सबसे जरूरी है और नितिन नबीन की नियुक्ति इस लक्ष्य की ओर एक मजबूत कदम है।







