Vijay Rashmika Wedding: उदयपुर में संपन्न हुई विजय और रश्मिका की शादी, शाम को कोडवा परंपरा से फिर होगा विवाह

2 Min Read

Vijay Rashmika Wedding

मुंबई, एजेंसियां। साउथ सिनेमा की चर्चित जोड़ी आखिरकार शादी के बंधन में बंध गई। अभिनेत्री रश्मिका मंदाना और अभिनेता विजय देवरकोंडा ने बुधवार सुबह उदयपुर में हिंदू रीति-रिवाजों के साथ विवाह किया। बताया जा रहा है कि ठीक सुबह 10 बजकर 10 मिनट पर दोनों ने सात फेरे लिए। समारोह में परिवार के सदस्य और करीबी दोस्त ही शामिल हुए।

शादी के दौरान विजय ने रश्मिका को अंगूठी पहनाई। दोनों पारंपरिक परिधान में बेहद खूबसूरत नजर आए। हालांकि यह समारोह निजी रखा गया था, लेकिन खबर सामने आते ही सोशल मीडिया पर फैन्स की बधाइयों का तांता लग गया।

शाम को कोडवा परंपरा से दोबारा विवाह

सूत्रों के अनुसार, शाम करीब 4:30 बजे दोनों कोडवा परंपरा के अनुसार एक बार फिर विवाह की रस्में निभाएंगे। इसकी तैयारियां भी साथ-साथ चल रही हैं। टॉलीवुड के कई जाने-माने निर्देशक इस खास मौके पर मौजूद रहे, जबकि कुछ सितारों ने सोशल मीडिया के जरिए शुभकामनाएं दीं।

फिल्मों से शुरू हुई थी लव स्टोरी

रश्मिका और विजय पहली बार फिल्म Geetha Govindam में साथ नजर आए थे, जो बॉक्स ऑफिस पर सुपरहिट रही। इसके बाद दोनों ने Dear Comrade में भी साथ काम किया। बताया जाता है कि इसी दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं। लंबे समय तक रिश्ते की खबरें सुर्खियों में रहीं, लेकिन दोनों ने इसे सार्वजनिक रूप से स्वीकार नहीं किया था।

हाल ही में शादी की खबर सामने आने के बाद कपल ने अपने फैन्स को खुशखबरी दी। अब सभी को उनकी आधिकारिक शादी की तस्वीरों का इंतजार है, जो संभवतः शाम की रस्मों के बाद साझा की जा सकती हैं।

Share This Article