Border 2 hits the box office: बॉक्स ऑफिस पर ‘बॉर्डर 2’ की शानदार कामयाबी, वरुण धवन बोले- प्यार हमेशा नफरत से जीतता है

3 Min Read

Border 2 hits the box office

मुंबई, एजेंसियां। फिल्म ‘बॉर्डर 2’ की जबरदस्त सफलता के बाद अभिनेता वरुण धवन ने अपने आलोचकों और ट्रोल्स को बेहद सधे हुए अंदाज में करारा जवाब दिया है। फिल्म की रिलीज से पहले वरुण को सोशल मीडिया पर उनके एक्सप्रेशन और स्माइल को लेकर जमकर ट्रोल किया गया था, लेकिन अब बॉक्स ऑफिस के आंकड़ों ने सारी आलोचनाओं को पीछे छोड़ दिया है।

वरुण धवन ने हाल ही में इंस्टाग्राम पर लिखा

वरुण धवन ने हाल ही में इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट साझा की, जिसमें उन्होंने लिखा, “प्यार हमेशा नफरत से जीत जाता है। थैंक यू।” इस पोस्ट के साथ उन्होंने भारतीय तिरंगे की तस्वीर भी साझा की। बिना किसी का नाम लिए यह मैसेज सीधे-सीधे उन लोगों के लिए था, जिन्होंने फिल्म से पहले उन्हें कम आंका था। इससे पहले भी एक इंटरव्यू में वरुण कह चुके हैं कि एक कलाकार के काम का असली जवाब बॉक्स ऑफिस पर शुक्रवार को मिल जाता है।

फिल्म की सफलता के बाद इंडस्ट्री से भी वरुण को खूब सराहना मिल रही है। जान्हवी कपूर ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट करते हुए लिखा, “हमें तुम पर गर्व है वरुण। तुमने और पूरी टीम ने अपनी शानदार एक्टिंग से रोंगटे खड़े कर दिए।” वहीं सोफी चौधरी ने भी इंस्टाग्राम स्टोरी में लिखा कि अच्छी एक्टिंग ही सबसे बड़ा जवाब होती है और वरुण इस सफलता के पूरी तरह हकदार हैं। वरुण ने इन दोनों सेलेब्स की पोस्ट को अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर शेयर कर उनका आभार जताया।

पांचवें दिन भी फिल्म का दबदबा कयाम

अगर बात करें बॉक्स ऑफिस की, तो ‘बॉर्डर 2’ अब तक करीब 181.72 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर चुकी है। फिल्म ने ओपनिंग डे पर 30 करोड़ रुपये कमाए थे, जबकि गणतंत्र दिवस पर इसकी कमाई 59 करोड़ रुपये तक पहुंच गई। पांचवें दिन भी फिल्म ने शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक 4.72 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है। ऐसे में उम्मीद जताई जा रही है कि यह फिल्म जल्द ही 200 करोड़ क्लब में भी शामिल हो सकती है।कुल मिलाकर, ‘बॉर्डर 2’ की सफलता ने यह साबित कर दिया है कि मेहनत और दर्शकों का प्यार हर नकारात्मकता से बड़ा होता है।

Share This Article