Trisha Krishnan
चेन्नई, एजेंसियां। दक्षिण भारतीय फिल्म इंडस्ट्री की मशहूर अभिनेत्री तृषा कृष्णन इन दिनों लगातार सुर्खियों में बनी हुई हैं। हाल ही में उनका एक पुराना इंटरव्यू सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह अभिनेता थलापति विजय की जमकर तारीफ करती नजर आ रही हैं। दरअसल, पिछले कुछ दिनों से विजय और तृषा के रिलेशनशिप को लेकर कई तरह की अफवाहें सामने आ रही हैं। इसी बीच तृषा का एक पुराना वीडियो फिर से चर्चा में आ गया है। इस वीडियो में वह विजय के साथ काम करने के अपने अनुभव साझा करती दिखाई दे रही हैं।
‘घिल्ली’ फिल्म के दौरान बढ़ी थी दोस्ती
वायरल वीडियो में तृषा बताती हैं कि उन्होंने विजय के साथ कई फिल्मों में काम किया है। खासतौर पर साल 2004 में आई फिल्म Ghilli के दौरान दोनों के बीच अच्छी दोस्ती हो गई थी।
तृषा ने इंटरव्यू में कहा कि शुरुआत में उनकी विजय से ज्यादा बातचीत नहीं होती थी, क्योंकि वह स्वभाव से काफी शांत और कम बोलने वाले इंसान हैं। उन्होंने बताया कि विजय सेट पर आते हैं, अपना काम पूरी ईमानदारी से करते हैं और फिर चुपचाप वापस चले जाते हैं। हालांकि फिल्म की पूरी टीम की वजह से धीरे-धीरे दोनों के बीच अच्छी दोस्ती बन गई।
विजय को बताया खास इंसान
तृषा ने अपने बयान में विजय को बेहद खास इंसान बताया। उन्होंने कहा, “विजय हमेशा मेरे लिए बहुत खास रहेंगे, क्योंकि मैंने उनके साथ अपने करियर की कुछ सबसे बड़ी हिट फिल्में दी हैं। मैंने उन्हें कभी अपना आपा खोते नहीं देखा। वह हमेशा सेट पर बेहद प्रोफेशनल रहते हैं और अपने काम को पूरी गंभीरता से करते हैं।”उन्होंने यह भी कहा कि विजय उन लोगों में से हैं जिनके बारे में लोग हमेशा अच्छी यादें ही रखते हैं।
ऑन-स्क्रीन हिट रही जोड़ी
तमिल सिनेमा में विजय और तृषा की जोड़ी को सबसे सफल ऑन-स्क्रीन जोड़ियों में से एक माना जाता है। दोनों ने Ghilli के अलावा Thirupaachi, Aathi और Kuruvi जैसी फिल्मों में साथ काम किया है।करीब 15 साल के लंबे अंतराल के बाद यह जोड़ी एक बार फिर फिल्म Leo में साथ नजर आई थी। इस फिल्म का निर्देशन Lokesh Kanagaraj ने किया था और यह 2023 में रिलीज हुई थी।
क्यों चर्चा में है मामला
दरअसल हाल ही में खबरें सामने आई हैं कि विजय की पत्नी संगीता सोरनलिंगम ने 26 साल की शादी के बाद तलाक की अर्जी दी है। इसके बाद से ही सोशल मीडिया पर विजय और तृषा के अफेयर की चर्चाएं तेज हो गई हैं।








