Thalapathy Vijay
मुंबई, एजेंसियां। साउथ सुपरस्टार थलपति विजय इन दिनों प्रोफेशनल और पर्सनल दोनों वजहों से सुर्खियों में हैं। एक तरफ उनकी बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘जन नायगन’ रिलीज में देरी के कारण चर्चा में है, वहीं दूसरी ओर उनकी शादीशुदा जिंदगी को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, उनकी पत्नी Sangeetha Sornalingam ने तलाक की अर्जी दाखिल की है।
27 साल की शादी पर संकट
बताया जा रहा है कि विजय और संगीता की शादी साल 1999 में हुई थी। दोनों के दो बच्चे हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, संगीता ने चेन्नई के चेंगलपट्टु फैमिली कोर्ट में स्पेशल मैरिज एक्ट के तहत तलाक की अर्जी दी है।
आरोप है कि अप्रैल 2021 से विजय का एक अभिनेत्री के साथ कथित एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर चल रहा है। संगीता का कहना है कि विजय ने रिश्ता खत्म करने का वादा किया था, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। उन्होंने मानसिक और भावनात्मक पीड़ा का हवाला देते हुए स्थायी गुजारा भत्ता (परमानेंट एलिमनी) और ससुराल में रहने का अधिकार भी मांगा है। हालांकि, शिकायत में किसी अभिनेत्री का नाम स्पष्ट रूप से दर्ज नहीं है।
तृषा कृष्णन क्यों आईं चर्चा में?
तलाक की खबर सामने आते ही साउथ एक्ट्रेस Trisha Krishnan का नाम सोशल मीडिया पर ट्रेंड करने लगा। विजय और तृषा की पुरानी तस्वीरें और इवेंट्स की फोटो इंटरनेट पर वायरल हो रही हैं। कुछ यूजर्स दावा कर रहे हैं कि दोनों के बीच खास रिश्ता है, हालांकि इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। विजय और तृषा कई फिल्मों में साथ काम कर चुके हैं, जिसके चलते उनके सोशल मीडिया अकाउंट्स पर प्रमोशनल और इवेंट से जुड़ी तस्वीरें भी मौजूद हैं। लेकिन इन अफवाहों के बीच तृषा को सोशल मीडिया पर ट्रोल किया जा रहा है।
आधिकारिक बयान का इंतजार
फिलहाल न तो विजय और न ही उनकी पत्नी की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी किया गया है। सोशल मीडिया पर चल रही अटकलों के बीच फैन्स सच्चाई सामने आने का इंतजार कर रहे हैं।








