Udaipur Files: ‘उदयपुर फाइल्स’ की स्क्रीनिंग के दौरान भावुक हुआ परिवार, बेटों ने पिता को दी श्रद्धांजलि

2 Min Read

Udaipur Files:

जयपुर, एजेंसियां। राजस्थान के चर्चित टेलर कन्हैयालाल की हत्या पर आधारित फिल्म ‘उदयपुर फाइल्स’ आखिरकार 8 अगस्त 2025 को रिलीज हो गई। फिल्म की स्क्रीनिंग के दौरान कन्हैयालाल के बेटे यश साहू और तरुण भी मौजूद थे, जिन्होंने पिता की तस्वीर अपने बीच की सीट पर रखकर उन्हें श्रद्धांजलि दी। हत्या के दर्दनाक दृश्य देख दोनों बेटे भावुक हो गए और उनकी आंखें नम हो गईं। इस फिल्म का पहला शो उदयपुर के अर्बन स्क्वायर मॉल में दिखाया गया, जहां सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे।

कन्हैयालाल के परिवार ने बताया

कन्हैयालाल के परिवार ने बताया कि तीन साल की लंबी कानूनी लड़ाई और कई चुनौतियों के बाद यह फिल्म रिलीज हो सकी है। पहले यह फिल्म 11 जुलाई को रिलीज होनी थी, लेकिन धार्मिक संगठनों और एक आरोपी की याचिका की वजह से दिल्ली हाईकोर्ट ने रिलीज पर रोक लगा दी थी। सुप्रीम कोर्ट ने मामला हाईकोर्ट के पास भेजा, जिसने केंद्र सरकार को निर्णय लेने के लिए कहा। केंद्र सरकार ने 6 अगस्त को फिल्म की रिलीज को मंजूरी दी। फिल्म में दिखाया गया है कि कैसे कन्हैयालाल की बेरहमी से हत्या की गई, जो 28 जून 2022 को उदयपुर में हुई थी और पूरे देश में इसका विरोध हुआ था।

यश ने सवाल उठाया

यश साहू ने हाल ही में जमीयत-उलमा-ए हिंद के मौलाना अरशद मदनी पर भी निशाना साधा था, जिन्होंने फिल्म रिलीज में बाधा डाली थी। यश ने सवाल उठाया कि ऐसे संगठन आतंकवादियों को क्यों बचाते हैं। परिवार ने न्याय की उम्मीद जताई है, लेकिन अभी तक उन्हें संतोषजनक न्याय नहीं मिला है। ‘उदयपुर फाइल्स’ की रिलीज ने परिवार को न्याय की लड़ाई में एक नई उम्मीद दी है, वहीं दर्शकों में भी इस कड़े सच को देखने और समझने का मौका मिला है।

इसे भी पढ़ें

Udaipur Files: ‘उदयपुर फाइल्स’ पर बवाल: मौलाना अरशद मदनी ने I&B मंत्रालय में दाखिल की अपील

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं