Arjun Tendulkar pre-wedding celebration: शुरू हुआ अर्जुन तेंदुलकर का प्री वेडिंग फंक्शन, सोशल मीडिया पर छाया तेंदुलकर परिवार का जश्न

3 Min Read

Arjun Tendulkar pre-wedding celebration

मुंबई, एजेंसियां। महान क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन तेंदुलकर की शादी से पहले प्री-वेडिंग फंक्शन की शुरुआत हो गई है। अर्जुन 5 मार्च को सानिया चंडोक के साथ विवाह बंधन में बंधने वाले हैं। पिछले वर्ष दोनों की सगाई हुई थी और अब शादी के कार्यक्रम पूरे उत्साह के साथ शुरू हो चुके हैं। प्री-वेडिंग समारोह का आयोजन जामनगर में हुआ, जहां तेंदुलकर परिवार के साथ खास मेहमान भी मौजूद रहे। इस अवसर पर पूजा-अर्चना के साथ कार्यक्रम की शुरुआत की गई। समारोह में दोनों परिवारों के करीबी सदस्य शामिल हुए और माहौल पूरी तरह पारिवारिक और पारंपरिक नजर आया।

सचिन तेंदुलकर का भावुक संबोधन

समारोह के दौरान सचिन तेंदुलकर ने एक भावुक भाषण दिया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। उन्होंने अपने बेटे अर्जुन और सानिया के रिश्ते पर बात करते हुए कहा कि जब बेटा किसी लड़की को घर लाकर परिचय कराता है, तो एहसास होता है कि वह बड़ा हो गया है।

उन्होंने अर्जुन से कहा कि उन्हें उस पर गर्व है और वह खुश हैं कि उसे ऐसा जीवनसाथी मिला है जो उससे उतना ही प्यार करता है जितना वह करता है।सचिन ने आयोजन के लिए मेजबानों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस नए सफर की शुरुआत के लिए इससे बेहतर माहौल और लोग नहीं हो सकते थे। उनके शब्दों ने वहां मौजूद सभी लोगों को भावुक कर दिया।

अंबानी परिवार की मौजूदगी

समारोह में नीता अंबानी ने भी अपनी भावनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने कहा कि अर्जुन को बचपन से बड़ा होते देखना एक खास अनुभव रहा है और आज उसे जीवन की नई साझेदारी शुरू करते देखना बेहद खुशी की बात है।इस प्री-वेडिंग सेलिब्रेशन की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बने हुए हैं। फैंस अर्जुन और सानिया को नई जिंदगी की शुभकामनाएं दे रहे हैं। शादी 5 मार्च को पारिवारिक और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न होगी, जिसका इंतजार दोनों परिवारों के साथ-साथ प्रशंसक भी बेसब्री से कर रहे हैं।

Share This Article