Sunny Deol angry at media:
मुंबई, एजेंसियां। बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र की तबीयत बिगड़ने के बाद बेटे सनी देओल इन दिनों बेहद परेशान हैं। हालांकि राहत की बात यह है कि धर्मेंद्र को मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल से छुट्टी मिल गई है और अब वे घर पर परिवार के साथ आराम कर रहे हैं। इसी बीच सनी देओल का एक गुस्से भरा वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह पैपराजी पर भड़कते नजर आ रहे हैं।
सनी देओल की पत्रकारों से नाराज़गी:
यह वीडियो सेलिब्रिटी फोटोग्राफर विरल भयानी ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर किया है। वीडियो में सनी देओल अपने घर से बाहर आते दिखते हैं और वहां खड़े पत्रकारों से नाराज़गी जताते हुए कहते हैं “आप लोगों को शर्म आनी चाहिए, आपके घर में मां-बाप हैं। आपके बच्चे हैं, शर्म नहीं आती?
उनके चेहरे पर गुस्सा और चिंता दोनों साफ झलक रहे थे। सनी देओल ने हाथ जोड़कर पैपराजी से निवेदन किया कि वे उनके परिवार को इस वक्त थोड़ी प्राइवेसी दें।
सनी देओल के इस रिएक्शन पर सोशल मीडिया पर मिलेजुले प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। एक यूजर ने लिखा, “सनी पाजी ने बिल्कुल सही कहा, मीडिया को थोड़ी मर्यादा रखनी चाहिए।” वहीं, दूसरे यूजर ने कमेंट किया, “उन्हें गुस्सा करने का पूरा हक है, आखिर वह अपने पिता की सेहत को लेकर परेशान हैं।” कुछ फैंस ने यह भी लिखा कि, “उनकी आवाज़ आज भी ‘गदर’ जैसी दमदार है।” धर्मेंद्र के स्वास्थ्य को लेकर अब परिवार ने फैंस से अपील की है कि वे चिंता न करें, क्योंकि उनकी हालत में सुधार हो रहा है। सनी देओल लगातार पिता की देखभाल में जुटे हैं और चाहते हैं कि मीडिया इस समय उनके परिवार की निजता का सम्मान करे।
