Puja Bhatt: शोहरत मिली विरासत में, सुकून मिला संघर्ष , जानिए स्टार बेटी की अनकही कहानी

3 Min Read

Puja Bhatt

मुंबई, एजेंसियां। बॉलीवुड के चर्चित फिल्मी परिवार से ताल्लुक रखने वाली पूजा भट्ट का नाम हमेशा सुर्खियों में रहा है। बड़े फिल्ममेकर महेश भट्ट की बेटी होने के बावजूद पूजा ने इंडस्ट्री में अपनी अलग पहचान बनाई। हालांकि उनकी प्रोफेशनल सफलता जितनी चर्चा में रही, उससे कहीं ज्यादा उनकी निजी जिंदगी विवादों और संघर्षों को लेकर सुर्खियों में रही।

करियर की ऊंचाइयां और निजी संघर्ष

पूजा भट्ट ने अपने अभिनय करियर की शुरुआत फिल्म डैडी से की। इसके बाद उन्होंने सड़क, दिल है कि मानता नहीं, जख्म, पहला नशा और प्रेम दीवाने जैसी फिल्मों में काम कर पहचान बनाई। करीब 36 से अधिक फिल्मों में अभिनय करने के बाद उन्होंने निर्देशन और निर्माण के क्षेत्र में भी कदम रखा। बतौर निर्देशक उन्होंने जिस्म 2, धोखा, पाप और कजरारे जैसी फिल्मों का निर्देशन किया।

शराब की लत से जूझीं

करियर के शिखर पर पहुंचते ही पूजा की जिंदगी में एक ऐसा दौर आया जब वह शराब की लत से जूझने लगीं। उन्होंने खुद स्वीकार किया कि एक समय ऐसा था जब वह प्यार और स्वीकार्यता की तलाश में भटक रही थीं। सोशल मीडिया पर साझा किए गए एक भावुक पोस्ट में उन्होंने बताया कि नशे से बाहर निकलना आसान नहीं था, लेकिन संयम (sobriety) ने उनके जीवन को नई दिशा दी। शराब छोड़ने के पांच साल पूरे होने पर उन्होंने इसे अपने जीवन का सबसे बड़ा मोड़ बताया।

विवादों में घिरा जीवन

पूजा भट्ट का जीवन कई विवादों से भी जुड़ा रहा। 1990 के दशक में अपने पिता के साथ एक फोटोशूट को लेकर वह काफी चर्चा में रहीं। इसके अलावा उनकी लव लाइफ और बेबाक बयानों ने भी उन्हें सुर्खियों में रखा। हाल के वर्षों में पूजा ने अभिनय से दूरी बनाकर फिल्म निर्माण और निर्देशन पर ध्यान दिया। 2023 में वह रियलिटी शो बिग बॉस ओटीटी में नजर आईं, जहां उनकी स्पष्टवादिता और मजबूत व्यक्तित्व की खूब चर्चा हुई।
आज उनके जन्मदिन के मौके पर यह कहना गलत नहीं होगा कि पूजा भट्ट की जिंदगी संघर्ष, विवाद, सफलता और आत्मस्वीकृति की एक प्रेरक कहानी है।

Share This Article