Varanasi Movie: 1300 करोड़ की फिल्म वाराणसी बना रहे एस. एस. राजामौली, कहा- ‘बाहुबली’ को मैं और बेहतर बना सकता था’

2 Min Read

Varanasi Movie

नई दिल्ली, एजेंसियां। भारतीय सिनेमा के सबसे चर्चित और भव्य फिल्मों के लिए जाने जाने वाले निर्देशक एस. एस. राजामौली अपनी अगली मेगा बजट फिल्म वाराणसी को लेकर सुर्खियों में हैं। करीब 1300 करोड़ रुपये के बजट में बन रही इस फिल्म में महेश बाबू, प्रियंका चोपड़ा जोनास और पृथ्वीराज सुकुमारन मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे।

राजामौली ने बताया कि फिल्म के कई महत्वपूर्ण सीन हैदराबाद स्थित अन्नपूर्णा स्टूडियो में विकसित एडवांस्ड मोशन कैप्चर तकनीक की मदद से शूट किए गए हैं। उनका कहना है कि इस तरह की विश्वस्तरीय तकनीकी सुविधा पहले भारत में उपलब्ध नहीं थी।

‘बाहुबली को और बेहतर बना सकता था’

राजामौली ने कहा कि अगर उस समय भारत में आधुनिक मोशन कैप्चर सुविधा होती तो वे अपनी पिछली फिल्मों को और बेहतर बना सकते थे। उन्होंने अपनी फिल्म ईगा और बाहुबली का जिक्र करते हुए कहा कि भारत में प्रतिभाशाली तकनीशियन होने के बावजूद एडवांस्ड प्रोडक्शन इंफ्रास्ट्रक्चर की कमी थी। उन्होंने कहा कि नई मोशन कैप्चर लैब की मदद से भारतीय फिल्म निर्माता अब अपनी कहानियों को अधिक सटीक और प्रभावी तरीके से पर्दे पर उतार सकेंगे।

‘वाराणसी’ की चर्चा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर

फिल्म का पहला टीजर यूरोप के सबसे बड़े सिनेमा हॉलों में से एक पेरिस के ले ग्रैंड रेक्स में आयोजित ट्रेलर फेस्टिवल में दिखाया गया, जहां इसे जोरदार प्रतिक्रिया मिली। फिल्म का रिलीज शेड्यूल 7 अप्रैल 2027 तय किया गया है और इसे भारतीय सिनेमा के बड़े विजुअल स्पेक्टेकल में से एक माना जा रहा है।
फिलहाल वाराणसी को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह बना हुआ है।

Share This Article