‘रामायण’ की सीता बनीं सासू मां, बेटी जूही की शादी की तस्वीरें वायरल

3 Min Read

Ramayana

मुंबई, एजेंसियां। टीवी जगत में ‘सीता’ के रूप में घर-घर में पहचान बनाने वालीं अभिनेत्री दीपिका चिखलिया अब सासू मां बन गई हैं। उनकी बेटी जूही हाल ही में शादी के बंधन में बंधीं। अभिनेत्री ने इस खास मौके की तस्वीरें और वीडियो अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर साझा किए, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।दीपिका चिखलिया ने अपनी बेटी और दामाद को नई जिंदगी की शुरुआत के लिए शुभकामनाएं दीं।

शेयर किए गए वीडियो में वह ‘मिथिला का कण-कण खिला’ गीत पर डांस करते हुए अपने दामाद का स्वागत करती नजर आईं। शादी समारोह की झलकियों में बारात के स्वागत से लेकर मंडप की रस्में और विदाई तक के भावुक पल शामिल हैं।

भावुक हुईं टीवी की ‘सीता’

धार्मिक धारावाहिक रामायण में माता सीता का किरदार निभाकर लोकप्रिय हुईं दीपिका इस मौके पर बेहद भावुक भी दिखीं। बेटी की विदाई के दौरान उनकी आंखें नम नजर आईं। सोशल मीडिया पर फैंस उन्हें नई भूमिका सासू मां के लिए बधाई दे रहे हैं और तस्वीरों पर प्यार भरे कमेंट कर रहे हैं।शादी समारोह को परिवार ने निजी रखा था। इसकी जानकारी तब सामने आई जब अभिनेत्री ने खुद तस्वीरें साझा कीं। इससे पहले जूही ने अपनी एक प्री-वेडिंग रस्म की तस्वीरें साझा की थीं, जिनमें वह अपने माता-पिता के साथ नजर आई थीं।

कौन हैं दामाद दिविज अग्रवाल?

जूही के पति का नाम दिविज अग्रवाल है। हालांकि उनके पेशे के बारे में ज्यादा जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है। शादी पारिवारिक और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न हुई।दीपिका चिखलिया ने 1991 में बिजनेसमैन हेमंत टोपीवाला से विवाह किया था। हेमंत टोपीवाला श्रृंगार बिंदी और कॉस्मेटिक्स व्यवसाय से जुड़े हैं।

कपल की दो बेटियां निधि और जूही हैं। जहां निधि प्रोफेशनल मेकअप आर्टिस्ट हैं, वहीं जूही अपने पिता का व्यवसाय संभालती हैं।टीवी की ‘सीता’ के इस नए पारिवारिक अध्याय ने उनके प्रशंसकों को खुश कर दिया है। सोशल मीडिया पर लगातार बधाइयों का सिलसिला जारी है और फैंस उनकी बेटी को नई जिंदगी के लिए शुभकामनाएं दे रहे हैं।

Share This Article