Bollywood Shefali Shah
मुंबई, एजेंसियां। बॉलीवुड और ओटीटी की दुनिया में अपनी दमदार एक्टिंग से पहचान बना चुकीं शेफाली शाह एक बार फिर अपनी प्रोफेशनल नहीं, बल्कि पर्सनल लाइफ को लेकर सुर्खियों में हैं। वजह है उनके एक्स हसबैंड और अभिनेता हर्ष छाया का एक सोशल मीडिया पोस्ट, जिसे उन्होंने शेयर करने के कुछ ही समय बाद डिलीट कर दिया। हालांकि, पोस्ट डिलीट होने से पहले ही वह सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका है।
25 साल पुराना रिश्ता फिर चर्चा में
शेफाली शाह ने अपने करियर के शुरुआती दौर में अभिनेता हर्ष छाया से शादी की थी, लेकिन यह रिश्ता ज्यादा समय तक नहीं चल सका। दोनों का साल 2000 में तलाक हो गया था। लंबे समय तक यह मामला शांत रहा, लेकिन अब ढाई दशक बाद एक बार फिर इस रिश्ते को लेकर बहस छिड़ गई है।
क्या था हर्ष छाया के पोस्ट में?
हर्ष छाया ने बिना नाम लिए एक लंबा नोट सोशल मीडिया पर साझा किया था। इसमें उन्होंने लिखा कि करीब 25-30 साल पहले एक मशहूर एक्टर कपल का तलाक हुआ था। समय के साथ एक व्यक्ति आगे बढ़ गया, जबकि दूसरा आज भी मंचों और इंटरव्यू में पुराने रिश्ते को बुरा बताकर दोहराता रहता है, खासकर तब जब उसकी नई फिल्म रिलीज होती है।
झूठे आरोपों का किया जिक्र
पोस्ट में आगे एक किस्सा साझा करते हुए हर्ष ने दावा किया कि एक बंगाली महिला निर्देशक ने बातचीत के दौरान कहा था कि उस एक्ट्रेस के एक्स हसबैंड उन्हें मारते-पीटते थे। इस पर कपल के एक करीबी दोस्त ने आपत्ति जताते हुए कहा कि वह सच्चाई जानता है और ऐसे आरोप झूठे हैं। पोस्ट में इशारों-इशारों में एक्ट्रेस पर गलत नैरेटिव फैलाने का आरोप लगाया गया।
सोशल मीडिया पर प्रतिक्रियाएं
हालांकि हर्ष छाया ने इस पोस्ट को बाद में डिलीट कर दिया, लेकिन तब तक यह इंटरनेट पर फैल चुका था। यूजर्स अलग-अलग राय दे रहे हैं। कुछ लोग इसे निजी मामला बता रहे हैं, तो कुछ पुराने घाव कुरेदने पर सवाल उठा रहे हैं।
चुप्पी साधे शेफाली शाह
अब तक शेफाली शाह की ओर से इस पूरे विवाद पर कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। फिलहाल, यह मामला सोशल मीडिया बहस का विषय बना हुआ है और एक बार फिर यह सवाल उठ रहा है कि क्या पुराने रिश्तों को सार्वजनिक मंच पर लाना सही है।








