O Romeo event: ‘ओ रोमियो’ के इवेंट में शाहिद कपूर ने अचानक छोड़ा स्टेज, फैंस की हरकत बनी वजह

2 Min Read

O Romeo event

मुंबई, एजेंसियां। शाहिद कपूर और तृप्ति डिमरी इन दिनों अपनी आगामी फिल्म ‘ओ रोमियो’ के प्रमोशन में व्यस्त हैं। शुक्रवार को मुंबई में फिल्म के नए गाने ‘पान की दुकान’ के लॉन्च इवेंट के दौरान उस वक्त हंगामा हो गया, जब फैंस की भारी भीड़ के कारण शाहिद कपूर को स्टेज छोड़ना पड़ा। इस पूरे घटनाक्रम के वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।

इवेंट के दौरान शाहिद कपूर ने माहौल को और रोमांचक बनाने के लिए कुछ फैंस को अपने साथ डांस करने के लिए स्टेज पर बुलाया। हालांकि, हालात तब बिगड़ गए जब बुलाए गए फैंस के अलावा कई अन्य लोग भी स्टेज पर चढ़ आए। देखते ही देखते स्टेज पर भीड़ जमा हो गई और शाहिद कपूर फैंस के बीच बुरी तरह घिर गए।

सुरक्षा कारणों से शाहिद कपूर को छोड़ना पड़ा स्टेज

स्थिति को संभालने के लिए सिक्योरिटी को तुरंत हस्तक्षेप करना पड़ा। सुरक्षा कारणों से शाहिद कपूर को कुछ समय के लिए स्टेज छोड़ना पड़ा। थोड़ी देर बाद जब हालात सामान्य हुए, तो शाहिद दोबारा स्टेज पर लौटे और इवेंट को आगे बढ़ाया। उन्होंने अपने गाने पर डांस किया और कार्यक्रम के अंत में फैंस का धन्यवाद भी किया।

13 फरवरी को सिनेमाघरों में रिलीज होगी फिल्म

शाहिद कपूर ने कहा, “आप लोगों का शुक्रिया, आप लोग कमाल के हैं।” गौरतलब है कि ‘ओ रोमियो’ एक एक्शन-थ्रिलर फिल्म है, जो 13 फरवरी 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म में शाहिद कपूर और तृप्ति डिमरी के अलावा नाना पाटेकर, अविनाश तिवारी, तमन्ना भाटिया, दिशा पाटनी, विक्रांत मैसी और फरीदा जलाल भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।

Share This Article