Shakti Shalini:
मुंबई, एजेंसियां। मैडॉक हॉरर-कॉमेडी यूनिवर्स की अगली फिल्म ‘शक्ति शालिनी’ में दर्शकों को ‘सैयारा’ फेम अनीत पड्डा के अहम किरदार में नजर आने का मौका मिलेगा। इस नई एंट्री पर यूनिवर्स के हीरो आयुष्मान खुराना ने सोशल मीडिया पर अनीत का जोरदार स्वागत किया। आयुष्मान ने इंस्टाग्राम पोस्ट में लिखा, “पंजाबी आ गए ओए। जो चाहती हो, उसका पीछा करती रहो। यह बात एक सपने देखने वाला दूसरे सपने देखने वाले शख्स से कह रहा है। कुछ भी नामुमकिन नहीं है। पंजाब से कोई हम देख रहा होगा, तो बहुत गर्व कर रहा होगा। फिल्म ‘शक्ति शालिनी’ में तुमको चमकते हुए देखने का बेसब्री से इंतजार है। आगे बढ़ती रहो और ऊपर उठती रहो अनीत।”
कैसे हुई अनीत की सिलेक्शन
फिल्ममेकर अमर कौशिक ने हाल ही में ‘शक्ति शालिनी’ के किरदारों पर बातचीत करते हुए बताया कि कहानी लिखते समय उन्हें लगा कि इस फिल्म के लिए एक युवा और मासूमियत भरा चेहरा चाहिए, जो किरदार की गहराई और भावनाओं को सही ढंग से दर्शा सके। इसी क्रम में उन्होंने ‘सैयारा’ फिल्म देखी, जिसमें अनीत पड्डा का अभिनय उन्हें बेहद प्रभावशाली लगा। इसके बाद उन्होंने तुरंत अनीत को फिल्म के लिए अप्रोच किया। अनीत ने कहानी सुनने के बाद तुरंत फिल्म का हिस्सा बनने के लिए हामी भर दी।
मैडॉक हॉरर-कॉमेडी यूनिवर्स का विस्तार
मैडॉक ने पिछले कुछ सालों में हॉरर-कॉमेडी फिल्मों का अपना अलग यूनिवर्स तैयार किया है। इसमें श्रद्धा कपूर और राजकुमार राव की ‘स्त्री’, वरुण धवन की ‘भेड़िया’, शरवरी और अभय वर्मा स्टारर ‘मुंज्या’, और आयुष्मान खुराना की ‘थामा’ जैसी हिट फिल्में शामिल हैं। ‘शक्ति शालिनी’ इस यूनिवर्स की नई पेशकश होगी, जिसमें हास्य और हॉरर का अनोखा मिश्रण देखने को मिलेगा।
फिल्म के निर्माताओं का कहना है कि अनीत पड्डा की एंट्री यूनिवर्स में नए रोमांच और ताजगी का एहसास कराएगी। दर्शक जल्द ही इसे बड़े पर्दे पर देख सकेंगे। मैडॉक हॉरर-कॉमेडी यूनिवर्स में अनीत की इस नई शुरुआत से फैन्स को काफी उम्मीदें हैं कि यह फिल्म यूनिवर्स की लोकप्रियता को और बढ़ाएगी।
कुल मिलाकर, ‘शक्ति शालिनी’ अनीत पड्डा के लिए बड़ी पेशकश और आयुष्मान खुराना जैसे सितारे का आशीर्वाद दोनों के लिए खास साबित होगी।
इसे भी पढ़ें
