Saiyon
मुंबई, एजेंसियां। अभिनेता शिवकार्तिकेयन के जन्मदिन के मौके पर उनकी बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘सेयोन’ का टीजर रिलीज कर दिया गया है। टीजर में शिवकार्तिकेयन का अलग और दमदार अवतार देखने को मिल रहा है, जहां उनका किरदार ‘लॉर्ड विरुमंडी’ जैसी रहस्यमयी और शक्तिशाली छवि में नजर आता है। टीजर रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर फिल्म को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
फिल्म का निर्देशन
फिल्म का निर्देशन शिवकुमार मुरुगेसन कर रहे हैं, जबकि इसे कमल हासन के प्रोडक्शन हाउस राज कमल फिल्म्स इंटरनेशनल के बैनर तले बनाया जा रहा है। वीडियो में ग्रामीण पृष्ठभूमि और एक त्योहार के दौरान घटने वाली घटनाओं की झलक दिखाई गई है, जहां शिवकार्तिकेयन के किरदार को लोग भगवान जैसी श्रद्धा से देखते हैं।
क्या है टीजर में?
टीजर में पुलिस स्टेशन से शुरू होने वाला सीक्वेंस, एक बड़े संघर्ष और रहस्य की ओर इशारा करता है। मेकर्स ने इसे एक बड़े एक्शन-ड्रामा के रूप में पेश किया है, जिसमें सांस्कृतिक और लोक संदर्भ भी देखने को मिलते हैं। फिल्म का पहला लुक और टीजर दोनों ही दर्शकों के बीच उत्साह बढ़ाने में सफल रहे हैं।
‘सेयोन’ को साल 2026 में थिएटर रिलीज के लिए तैयार किया जा रहा है। फिल्म में शिवकार्तिकेयन का रस्टिक और मास अवतार देखने को मिलेगा, जो उनके पिछले किरदारों से काफी अलग माना जा रहा है।












