Dhurandhar 2 teaser released
मुंबई, एजेंसियां। रणवीर सिंह की ब्लॉक बस्टर फिल्म ‘धुरंधर: द रिवेंज‘ के अगले भाग धुरंधर 2 का टीजर जारी हो गया है। मेकर्स ने इसे हिंदी के साथ-साथ तमिल, तेलुगु, मलयालम और कन्नड़ में भी रिलीज किया है ताकि अधिक से अधिक दर्शक फिल्म का अनुभव कर सकें। फिल्म निर्देशक आदित्य धर और कलाकारों रणवीर सिंह, आर माधवन, सारा अर्जुन समेत अन्य ने इंस्टाग्राम पर टीजर की ओर इशारा करते हुए पोस्ट शेयर किया था।
कैसा है टीजर?
टीजर की शुरुआत ही बेहद रोमांचक और भयावह है। रणवीर सिंह का किरदार दमदार और खतरनाक लुक में नजर आता है। कुल 1 मिनट 12 सेकेंड के वीडियो में मारधाड़, गोलियों की गड़गड़ाहट और हाई-एड्रेनालाईन एक्शन दिखाया गया है। इसमें संवाद कम हैं, लेकिन आखिरी में रणवीर का किरदार एक खास मैसेज देता है: ‘ये नया हिंदुस्तान है, ये घर में घुसेगा भी और मारेगा भी’।टीजर रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर दर्शक इसे लेकर उत्साहित हो गए। एक यूजर ने लिखा, ‘ये टीजर नहीं, बम है बम… सबका सफाया कर दिया।’ वहीं दूसरे ने कमेंट किया, ‘1.02… उफ्फ ये डायलॉग, दिल जीत लिया।’ कुछ ने इसे ‘पूरा मूवमेंट, 2000 करोड़ लोडिंग’ तक बताया।
धुरंधर 2 का निर्देशन आदित्य धर ने किया है
धुरंधर 2 का निर्देशन आदित्य धर ने किया है और इसका निर्माण ज्योति देशपांडे, आदित्य धर और लोकेश धर ने जियो स्टूडियोज और बी62 स्टूडियोज के बैनर तले किया है।बॉक्स ऑफिस पर धुरंधर 2 का मुकाबला यश की फिल्म टॉक्सिक: ए फेयरी टेल फॉर ग्रोन-अप्स और आदिवी शेष व मृणाल ठाकुर की फिल्म डकैत से होगा। लेकिन टीजर की प्रतिक्रिया को देखते हुए कहा जा सकता है कि रणवीर सिंह का यह रौद्र अवतार दर्शकों को बड़े पैमाने पर सिनेमाघरों तक खींचने वाला है।











