Ranabali
चेन्नई, एजेंसियां। साउथ सिनेमा के चर्चित कपल विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना की शादी के तुरंत बाद उनकी आगामी फिल्म राणाबाली के मेकर्स ने फैंस को खास सरप्राइज दिया है। निर्माताओं ने फिल्म के पहले गाने की झलक जारी करते हुए एक रोमांटिक वीडियो सॉन्ग शेयर किया, जिसमें विजय और रश्मिका की शादी का खूबसूरत दृश्य दिखाया गया है।
इस वीडियो में दोनों कलाकारों की ऑन-स्क्रीन केमिस्ट्री और प्यार साफ नजर आ रहा है। खास बात यह है कि रियल लाइफ में हाल ही में शादी के बंधन में बंधे इस जोड़े को फिल्म में भी दूल्हा-दुल्हन के रूप में देखना फैंस के लिए बेहद खास अनुभव बन गया है। सोशल मीडिया पर यह वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है और फैंस इसे ‘परफेक्ट वेडिंग गिफ्ट’ बता रहे हैं।
नया पोस्टर भी हुआ जारी
फिल्म के निर्माता मैत्री मूवी मेकर्स ने इससे पहले एक खास पोस्टर भी साझा किया था, जिसमें सिर्फ दो हाथ एक-दूसरे को थामे नजर आ रहे थे। पोस्टर के साथ कैप्शन में लिखा गया – “हमारे राणाबाली और जयम्मा।” इसने दर्शकों की जिज्ञासा और बढ़ा दी थी।फिल्म में विजय ‘राणाबाली’ के किरदार में नजर आएंगे, जबकि रश्मिका ‘जयम्मा’ की भूमिका निभा रही हैं। यह फिल्म एक ऐतिहासिक ड्रामा है, जिसका निर्देशन राहुल सांकृत्यान ने किया है। कहानी रायलसीमा के इतिहास से प्रेरित बताई जा रही है, जो इसे और खास बनाती है।
कब रिलीज होगी ‘राणाबाली’?
‘डियर कॉमरेड’ के बाद विजय और रश्मिका की यह दूसरी बड़ी फिल्म है, जिसमें दोनों साथ नजर आएंगे। फिल्म में हॉलीवुड अभिनेता अर्नोल्ड वोस्लू भी खलनायक की भूमिका में दिखाई देंगे।निर्माताओं ने घोषणा की है कि ‘राणाबाली’ 11 सितंबर को दुनियाभर में रिलीज होगी। शादी के बाद इस जोड़ी की पहली फिल्म होने के कारण दर्शकों में उत्साह चरम पर है। वीडियो सॉन्ग की झलक ने यह साफ कर दिया है कि फिल्म में रोमांस, भव्यता और ऐतिहासिक पृष्ठभूमि का शानदार संगम देखने को मिलेगा।
फिलहाल फैंस को फिल्म की रिलीज का बेसब्री से इंतजार है, क्योंकि रियल और रील लाइफ की यह जोड़ी एक बार फिर बड़े पर्दे पर जादू बिखेरने के लिए तैयार है।








