Ramayana: लॉस एंजिल्स में ‘रामायण’ की स्पेशल स्क्रीनिंग, फर्स्ट कट को मिली जबरदस्त सराहना

3 Min Read

Ramayana

मुंबई, एजेंसियां। निर्देशक नितेश तिवारी की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायण’ रिलीज से पहले ही सुर्खियों में बनी हुई है। रणबीर कपूर स्टारर इस मेगा प्रोजेक्ट की पहली खास स्क्रीनिंग अमेरिका के लॉस एंजिल्स में आयोजित की गई, जहां दर्शकों ने फिल्म के फर्स्ट कट को काफी सराहा।

रिपोर्ट्स के अनुसार, यह स्पेशल स्क्रीनिंग लॉस एंजिल्स के Cinemark Playa Vista Theater में आयोजित की गई थी। इसमें 18 से 60 वर्ष आयु वर्ग के चुनिंदा दर्शकों को आमंत्रित किया गया था। बताया जा रहा है कि फिल्म के भव्य सेट, विजुअल इफेक्ट्स और कहानी कहने की शैली ने दर्शकों को प्रभावित किया।

हालांकि, यह स्क्रीनिंग फिल्म का अंतिम संस्करण नहीं था, बल्कि ‘फर्स्ट कट’ दिखाया गया। मेकर्स इसे एक टेस्ट स्क्रीनिंग के रूप में देख रहे हैं ताकि दिवाली पर होने वाली रिलीज से पहले आवश्यक सुधार किए जा सकें।

दो भागों में रिलीज होगी फिल्म

‘रामायण’ को दो पार्ट में रिलीज किया जाएगा। फिल्म का पहला भाग इस साल दिवाली पर सिनेमाघरों में दस्तक देगा। इसे बॉलीवुड की अब तक की सबसे महंगी फिल्मों में से एक बताया जा रहा है। रणबीर कपूर भगवान राम की भूमिका में नजर आएंगे, जबकि साई पल्लवी सीता और यश रावण का किरदार निभा रहे हैं।

फिल्म की स्टारकास्ट भी काफी चर्चित है। सनी देओल हनुमान की भूमिका में दिखाई देंगे, वहीं रवि दुबे लक्ष्मण का किरदार निभाएंगे। इसके अलावा अरुण गोविल, लारा दत्ता, रकुल प्रीत सिंह, कुणाल रॉय कपूर, राघव जुयाल और शीबा चड्ढा जैसे कलाकारों के नाम भी चर्चा में हैं।

इंटरनेशनल लेवल पर प्रस्तुति की तैयारी

फिल्म को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पेश करने की योजना है। संगीत की बात करें तो ऑस्कर विजेता संगीतकार ए.आर. रहमान के साथ हॉलीवुड के दिग्गज Hans Zimmer ने हाथ मिलाया है। इस सहयोग ने फिल्म को लेकर उत्सुकता और बढ़ा दी है।

इतिहास और आस्था से जुड़ी इस भव्य कथा को आधुनिक तकनीक और वैश्विक स्तर की प्रस्तुति के साथ बड़े पर्दे पर लाने की तैयारी की जा रही है। लॉस एंजिल्स में मिली शुरुआती सकारात्मक प्रतिक्रिया से साफ है कि मेकर्स की मेहनत रंग ला रही है। अब दर्शकों को दिवाली रिलीज का बेसब्री से इंतजार है।

Share This Article