Raja Shivaji का पहला लुक जारी, अभिनेता रितेश देशमुख बने छत्रपति शिवाजी महाराज, 1 मई को सिनेमाघरों में दस्तक

3 Min Read

Raja Shivaji

मुंबई, एजेंसियां। बॉलीवुड अभिनेता रितेश देशमुख अब ऐतिहासिक किरदार में नजर आने वाले हैं। उनकी आगामी फिल्म ‘राजा शिवाजी’ से छत्रपति शिवाजी महाराज के रूप में उनका पहला लुक जारी कर दिया गया है। यह फिल्म 1 मई 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

फिल्म के पोस्टर ने सोशल मीडिया पर आते ही प्रशंसकों के बीच उत्साह की लहर दौड़ा दी है।रितेश की पत्नी और अभिनेत्री Genelia D’Souza ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर फिल्म का पहला पोस्टर साझा किया। पोस्टर में रितेश देशमुख शिवाजी महाराज के शौर्यपूर्ण अंदाज में दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने पारंपरिक मराठा वेशभूषा और प्रभावशाली भाव-भंगिमा के साथ ऐतिहासिक योद्धा की छवि को जीवंत करने की कोशिश की है।

रितेश ने भी अपने सोशल मीडिया हैंडल पर पोस्ट साझा किया

रितेश ने भी अपने सोशल मीडिया हैंडल पर पोस्ट साझा करते हुए मराठी में भावनात्मक कैप्शन लिखा। उन्होंने लिखा कि जब अंधकार छाया हुआ था, तब एक लौ प्रज्वलित हुई और एक युवा योद्धा ने इतिहास को फिर से लिखने का संकल्प लिया। उन्होंने आगे ‘जय शिवराय’ के नारे के साथ फिल्म की रिलीज डेट की घोषणा की। फिल्म को जियो स्टूडियोज और मुंबई फिल्म कंपनी प्रस्तुत कर रहे हैं। खास बात यह है कि इस फिल्म का निर्देशन भी रितेश देशमुख ही कर रहे हैं।

फिल्म इंडस्ट्री से भी रितेश को शुभकामनाएं मिल रही हैं। दिग्गज अभिनेता अनुपम खेर ने पोस्ट पर टिप्पणी करते हुए उन्हें बधाई दी और लिखा कि यह एक शानदार प्रोजेक्ट साबित होगा। अन्य कलाकारों और प्रशंसकों ने भी कमेंट सेक्शन में अपनी उत्सुकता जाहिर की है।

इससे पहले अभिनेता शरद केलकर ने भी शिवाजी का किरदार निभाया

गौरतलब है कि इससे पहले 2020 में रिलीज हुई Tanhaji: The Unsung Warrior में अभिनेता शरद केलकर ने शिवाजी महाराज की भूमिका निभाई थी, जिसे दर्शकों ने काफी सराहा था। उस फिल्म में Ajay Devgn मुख्य भूमिका में नजर आए थे और फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सुपरहिट रही थी।अब सभी की नजरें ‘राजा शिवाजी’ पर टिकी हैं। ऐतिहासिक पृष्ठभूमि और भव्य प्रस्तुति के वादे के साथ यह फिल्म मराठा गौरव की कहानी को बड़े पर्दे पर उतारने की तैयारी में है। देखना होगा कि रितेश देशमुख अपने अभिनय और निर्देशन से दर्शकों की उम्मीदों पर कितना खरे उतरते हैं।

Share This Article