O Romeo
मुंबई, एजेंसियां। बॉलीवुड अभिनेता शाहिद कपूर ने नए साल की शुरुआत धमाकेदार अंदाज में की है। उनकी बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘ओ रोमियो’ का फर्स्ट लुक पोस्टर रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर सनसनी फैल गई है। इस पोस्टर में शाहिद कपूर का अब तक का सबसे डार्क और खौफनाक अवतार देखने को मिला है, जिसने फैंस की उत्सुकता को कई गुना बढ़ा दिया है।
शाहिद ने किया ‘ओ रोमियो’ का फर्स्ट लुक शेयर
शाहिद कपूर ने 9 जनवरी को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर ‘ओ रोमियो’ का फर्स्ट लुक शेयर किया। पोस्टर में उनका चेहरा खून से लथपथ नजर आ रहा है, आंखों में गुस्सा है और चेहरे पर एक खौफनाक मुस्कान दिखाई दे रही है। हाथों पर टैटू और उनकी बॉडी लैंग्वेज यह साफ इशारा करती है कि फिल्म में उनका किरदार बेहद इंटेंस, हिंसक और इमोशनल होने वाला है। पोस्ट के साथ शाहिद ने कैप्शन लिखा, “रोमियो ओ रोमियो, तुम कहां हो ओ रोमियो”, जिसने फैंस की जिज्ञासा और बढ़ा दी।
क्या है ‘ओ रोमियो’ की कहानी?
काफी समय से ‘ओ रोमियो’ को लेकर चर्चा चल रही थी और अब फर्स्ट लुक ने साफ कर दिया है कि यह फिल्म रोमांस से ज्यादा डार्क थ्रिल और इमोशन से भरी होगी। यह फिल्म शाहिद कपूर और मशहूर निर्देशक विशाल भारद्वाज का एक बार फिर से कोलैबोरेशन है। इससे पहले दोनों ‘कमीने’ और ‘हैदर’ जैसी दमदार फिल्में दे चुके हैं, इसलिए दर्शकों को इस प्रोजेक्ट से काफी उम्मीदें हैं।
फिल्म में तृप्ति डिमरी फीमेल लीड के तौर पर नजर आएंगी। ‘ओ रोमियो’ का ट्रेलर 10 जनवरी को रिलीज किया जाएगा, जबकि फिल्म 13 फरवरी 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देगी। फर्स्ट लुक देखकर इतना तय है कि शाहिद कपूर एक बार फिर अपने दमदार अभिनय से दर्शकों को चौंकाने वाले हैं।








