O Romeo
मुंबई, एजेंसियां। शाहिद कपूर की मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘ओ रोमियो’ (O Romeo) रिलीज से पहले ही विवादों में घिर गई है। विशाल भारद्वाज के निर्देशन और साजिद नाडियाडवाला के प्रोडक्शन में बनी इस फिल्म को हाल ही में एक लीगल नोटिस मिला है, जिससे मेकर्स की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। यह नोटिस दिवंगत हुसैन उस्तरा की बेटी सनोबर शेख ने भेजा है, जिसमें उन्होंने फिल्म पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
क्या है पूरा मामला?
फिल्म ‘ओ रोमियो’ का टीजर 10 जनवरी को रिलीज हुआ था, जिसे दर्शकों से अच्छा रिस्पॉन्स मिला। लेकिन इसके कुछ ही दिनों बाद सनोबर शेख ने दावा किया कि फिल्म में उनके पिता हुसैन उस्तरा के किरदार को गलत और अपमानजनक तरीके से दिखाया गया है। शाहिद कपूर फिल्म में हुसैन उस्तरा का किरदार निभा रहे हैं, जबकि तृप्ति डिमरी सपना दीदी के रोल में नजर आएंगी।
2 करोड़ रुपये की मांग
बॉलीवुड हंगामा की रिपोर्ट के मुताबिक, सनोबर शेख ने डायरेक्टर विशाल भारद्वाज और प्रोड्यूसर साजिद नाडियाडवाला को भेजे गए नोटिस में 7 दिनों के भीतर 2 करोड़ रुपये मुआवजा देने की मांग की है। इसके साथ ही उन्होंने यह भी कहा है कि अगर उनकी मांग पूरी नहीं होती, तो फिल्म की रिलीज को रोका जाए या रद्द किया जाए।
मेकर्स की चुप्पी
अब तक फिल्म के मेकर्स की ओर से इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। हालांकि, टीजर में यह जरूर बताया गया है कि फिल्म सच्ची घटनाओं से प्रेरित है, जिसके चलते विवाद और गहराता दिख रहा है।
कब रिलीज होगी फिल्म?
‘ओ रोमियो’ में शाहिद कपूर के साथ विक्रांत मैसी, तमन्ना भाटिया, दिशा पाटनी, फरीदा जलाल और नाना पाटेकर जैसे बड़े कलाकार नजर आएंगे। यह फिल्म 13 फरवरी 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। अब देखना होगा कि कानूनी विवाद का इस फिल्म की रिलीज पर क्या असर पड़ता है।








