Mrunal Thakur
मुंबई, एजेंसियां। मनोरंजन जगत की चर्चित अभिनेत्री Mrunal Thakur इन दिनों अपनी हालिया रिलीज फिल्म ‘दो दीवाने सहर में’ को लेकर सुर्खियों में हैं। इसके साथ ही उनकी शादी और निजीजिंदगी को लेकर भी चर्चाएं तेज हैं। हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में मृणाल ने शादी, अरेंज मैरिज और अभिनेता Dhanush के साथ जुड़ते नाम पर खुलकर प्रतिक्रिया दी।
शादी को लेकर मृणाल ने क्या कहा?
शादी को लेकर घर में हो रही चर्चाओं का जिक्र करते हुए मृणाल ने कहा कि उनके माता-पिता अक्सर उनसे शादी के बारे में बात करते हैं। उन्होंने मजाकिया अंदाज में बताया कि हाल ही में उनके पिता ने कहा कि अब उन्हें शादी कर लेनी चाहिए। इस पर मृणाल ने जवाब दिया, “लड़का कहां है?” उन्होंने कहा कि अगर उनसे ही यह सवाल पूछा जाएगा तो वह क्या जवाब देंगी। अभिनेत्री ने माना कि यह स्थिति लगभग हर घर की कहानी है, जहां माता-पिता अपने बच्चों की शादी को लेकर उत्साहित रहते हैं।
अरेंज मैरिज को लेकर मृणाल ने क्या कहा?
अरेंज मैरिज को लेकर मृणाल ने साफ किया कि उन्हें तयशुदा शादी से कोई दिक्कत नहीं है। उनके अनुसार, शादी दिखावे के लिए नहीं बल्कि सही व्यक्ति के साथ होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पहले अरेंज मैरिज का मतलब होता था कि माता-पिता किसी से मिलवाते थे, लेकिन अब दोस्त भी रिश्ते तय कराने में भूमिका निभाते हैं। अंत में मायने यह रखता है कि दो लोग एक-दूसरे से जुड़ पाएं और उनके बीच तालमेल हो। उन्होंने यह भी कहा कि शादी सिर्फ दो लोगों का नहीं, बल्कि दो परिवारों का मिलन होता है, इसलिए परिवार की सहमति भी जरूरी है।
वहीं, पिछले कुछ समय से मृणाल का नाम धनुष के साथ जोड़ा जा रहा है, जिसे अभिनेत्री पहले भी खारिज कर चुकी हैं। हालांकि, उन्होंने अभिनेता की जमकर तारीफ की। मृणाल ने खुद को धनुष की बड़ी फैन बताते हुए कहा कि ‘रायन’, ‘मारी’, ‘रांझणा’, ‘कैप्टन मिलर’ और ‘असुरन’ जैसी फिल्मों ने उन्हें उनका प्रशंसक बना दिया। उन्होंने कहा कि ‘असुरन’ वह कई बार देख सकती हैं और धनुष को एक इंस्टीट्यूट बताया, जो अभिनेता, लेखक, गीतकार और निर्देशक—हर भूमिका में शानदार हैं।
वर्कफ्रंट की बात करें
वर्कफ्रंट की बात करें तो मृणाल की फिल्म ‘दो दीवाने सहर में’ आज सिनेमाघरों में रिलीज हुई है। फिल्म को दर्शकों और समीक्षकों से मिली-जुली प्रतिक्रिया मिल रही है। अभिनेत्री फिलहाल अपने करियर और निजी जिंदगी दोनों को लेकर चर्चा में बनी हुई हैं।








