Mardaani 3 X review
नई दिल्ली, एजेंसियां। रानी मुखर्जी स्टारर बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘मर्दानी 3’ आज सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है। ‘मर्दानी’ फ्रेंचाइज़ी के तीसरे पार्ट से दर्शकों को काफी उम्मीदें थीं। फिल्म में एक बार फिर रानी मुखर्जी दमदार पुलिस ऑफिसर शिवानी शिवाजी रॉय के किरदार में नजर आ रही हैं। रिलीज के साथ ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर फिल्म को लेकर दर्शकों की प्रतिक्रियाएं सामने आने लगी हैं, जो फिलहाल मिली-जुली नजर आ रही हैं।
दर्शकों का क्या है कहना?
दर्शकों का कहना है कि फिल्म की शुरुआत मजबूत है और पहले हाफ में अच्छा बिल्डअप देखने को मिलता है। रानी मुखर्जी की एनर्जी, स्क्रीन प्रेजेंस और एक्शन अवतार को फैंस ने खूब सराहा है। कई यूजर्स ने लिखा कि रानी को अपराधियों की पिटाई करते देखना हमेशा की तरह संतोषजनक अनुभव है और उनकी परफॉर्मेंस फिल्म की सबसे बड़ी ताकत है।
हालांकि, कहानी को लेकर दर्शक थोड़े निराश दिखाई दे रहे हैं। सोशल मीडिया यूजर्स के मुताबिक, इंटरवल तक फिल्म काफी हद तक प्रेडिक्टेबल हो जाती है और पहले दो पार्ट्स जैसा जबरदस्त पंच इस बार गायब लगता है। कुछ दर्शकों का मानना है कि फिल्म को एक ज्यादा मजबूत और इंटेंस सेकंड हाफ की जरूरत थी। सस्पेंस भी कई लोगों को पहले से अंदाजा लगाने लायक लगा।
फिल्म की कहानी क्या है?
फिल्म की कहानी लापता लड़कियों की तलाश और उन्हें बचाने के मिशन के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसमें महिलाओं से जुड़े गंभीर मुद्दों को उठाया गया है। इस बार फिल्म में एक महिला विलेन देखने को मिलती है, जिसका किरदार मल्लिका प्रसाद ने निभाया है। यूजर्स के अनुसार, उनका नेगेटिव रोल प्रभावशाली और डरावना है। वहीं ‘शैतान’ फेम जानकी बोड़ीवाला भी अहम भूमिका में नजर आती हैं।
कुल मिलाकर, ‘मर्दानी 3’ को रानी मुखर्जी की दमदार एक्टिंग और मजबूत संदेश के लिए सराहना मिल रही है, लेकिन कहानी और इंटेंसिटी के मामले में यह पिछली फिल्मों से थोड़ी कमजोर मानी जा रही है। अब फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कैसा प्रदर्शन करती है, इस पर सबकी नजरें टिकी हैं।












