Ghushkhor Pandat: मनोज बाजपेयी की ‘घूसखोर पंडत’ विवादों में, लखनऊ में FIR दर्ज

2 Min Read

Ghushkhor Pandat

मुंबई, एजेंसियां। मनोज बाजपेयी की अपकमिंग नेटफ्लिक्स थ्रिलर फिल्म ‘घूसखोर पंडत’ अपने टाइटल को लेकर विवादों में घिर गई है। फिल्म की घोषणा हाल ही में मुंबई में आयोजित “नेक्स्ट ऑन नेटफ्लिक्स” इवेंट में की गई थी, जहां इसका टीज़र भी रिलीज किया गया। टीज़र सामने आते ही फिल्म के नाम को लेकर विरोध शुरू हो गया और अब इस मामले में लखनऊ में एफआईआर भी दर्ज की गई है।

क्या है मामला?

दरअसल, मुंबई के वकील आशुतोष दुबे ने फिल्म के टाइटल पर आपत्ति जताते हुए नेटफ्लिक्स और फिल्म निर्माताओं को कानूनी नोटिस भेजा। उनका कहना है कि “घूसखोर” शब्द को “पंडत” (पंडित) के साथ जोड़ना एक समुदाय की गरिमा को ठेस पहुंचाता है और इसे मानहानिकारक बताया गया है। नोटिस में फिल्म का टाइटल बदलने की मांग की गई है।

इस विवाद के बाद उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर लखनऊ के हजरतगंज थाने में फिल्म के डायरेक्टर और टीम के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि फिल्म के कंटेंट से लोगों की भावनाएं आहत हो सकती हैं और सामाजिक सद्भाव प्रभावित होने की आशंका है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

फिल्ममेकर नीरज पांडे ने जारी किया बयान

विवाद बढ़ने के बीच फिल्ममेकर नीरज पांडे ने बयान जारी कर कहा कि फिल्म एक फिक्शनल कॉप ड्रामा है और “पंडत” शब्द का इस्तेमाल केवल एक काल्पनिक किरदार के उपनाम के रूप में किया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कहानी किसी समुदाय, धर्म या जाति पर टिप्पणी नहीं करती।फिलहाल मेकर्स ने सभी प्रमोशनल मटेरियल हटाने का फैसला किया है। फिल्म में मनोज बाजपेयी एक भ्रष्ट पुलिस अधिकारी अजय दीक्षित की भूमिका निभा रहे हैं, जिसे “पंडत” के नाम से जाना जाता है। फिल्म में नुसरत भरूचा और साकिब सलीम भी प्रमुख भूमिकाओं में नजर आएंगे।

Share This Article