Kyunki Saas Bhi…!:
मुंबई, एजेंसियां। टीवी की दुनिया के चर्चित शो “क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2” में अब एक नया तूफानी ट्विस्ट आने वाला है। इस शो में ‘भाग्य लक्ष्मी’ फेम एक्टर अंकित भाटिया ने एंट्री की है। वह शो में एक नेगेटिव रोल निभाते नजर आएंगे, जो तुलसी विरानी (स्मृति ईरानी) की जिंदगी में बड़ी उथल-पुथल लाएगा। अंकित का किरदार बिरेन पटेल नाम का है एक अमीर, चालाक और पूरी तरह से नकारात्मक व्यक्तित्व वाला शख्स।
अंकित भाटिया ने बताया
अंकित भाटिया ने खुद इस खबर की पुष्टि करते हुए बताया कि वह पहले भी बालाजी टेलीफिल्म्स के शो ‘भाग्य लक्ष्मी’ और ‘प्रचंड अशोक’ में काम कर चुके हैं। उन्होंने कहा, “मुझे शुरुआत में दो अन्य किरदारों के लिए रिजेक्ट कर दिया गया था, लेकिन फिर बिरेन के रोल के लिए फाइनल किया गया।” उन्होंने कहा कि बिरेन पूरी तरह से नेगेटिव है, जबकि उनके पिछले किरदार में कुछ इमोशनल लेयर्स भी थीं।
स्मृति ईरानी के साथ शूट
अंकित ने यह भी बताया कि उन्होंने शो की मुख्य किरदार स्मृति ईरानी के साथ एक सीन शूट किया है। उन्होंने कहा, “स्मृति जी बहुत विनम्र हैं। हम उन्हें बचपन से टीवी पर देखते आए हैं, अब उनके साथ काम करना गर्व की बात है।” इसके अलावा, उन्होंने अमर उपाध्याय और एकता कपूर से भी हाल ही में एक मीटिंग के दौरान मुलाकात की।
शो में नया मोड़
इस नई एंट्री से शो में हाई वोल्टेज ड्रामा और ट्विस्ट आने की पूरी संभावना है। ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2’ अपने पुराने दर्शकों की यादें ताजा कर रहा है, और नए चेहरों व कहानियों से एक नई पीढ़ी को भी जोड़ रहा है।
इसे भी पढ़ें
Mahavatara Narasimha: ‘महावतार नरसिम्हा’ ने ‘सैयारा’ को दी टक्कर, 6 दिनों में 37 करोड़ का बिजनेस








