Nupur Sanon Wedding
मुंबई, एजेंसियां। कृति सेनन की छोटी बहन नूपुर सेनन और मशहूर सिंगर स्टेबिन बेन 11 जनवरी 2026 को उदयपुर में शादी के बंधन में बंध गए। हिंदू-क्रिश्चियन रीति-रिवाजों से हुई इस खूबसूरत शादी के बाद कपल लगातार सुर्खियों में बना हुआ है। शादी के कुछ दिन बाद मुंबई में ग्रैंड रिसेप्शन भी आयोजित किया गया, जिसमें फिल्म और म्यूजिक इंडस्ट्री की कई नामचीन हस्तियां शामिल हुईं।
अनदेखी तस्वीरों के साथ भावुक पोस्ट
शादी के बाद अब कृति सेनन ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर नूपुर और स्टेबिन की शादी की कुछ अनदेखी तस्वीरें शेयर की हैं। इन तस्वीरों के साथ कृति ने एक बेहद इमोशनल नोट लिखा, जिसे पढ़कर फैंस भी भावुक हो गए। कृति ने लिखा कि उन्हें अभी भी यकीन नहीं हो रहा कि उनकी छोटी बहन की शादी हो गई है। बचपन से लेकर दुल्हन बनने तक के सफर को याद करते हुए उन्होंने नूपुर को अपनी “जान” बताया।
बहन की विदाई ने किया भावुक
कृति ने लिखा कि नूपुर को अपने जीवन का नया और खूबसूरत अध्याय शुरू करते देख उनका दिल गर्व और खुशी से भर गया है। विदाई के पल को याद करते हुए उन्होंने कहा कि भले ही नूपुर पास ही रहेगी, लेकिन उसके बिना घर सूना लग रहा है। उन्होंने यह भी लिखा कि अब नूपुर दो घरों में खुशियां बांटेगी।
जीजा स्टेबिन बेन का किया दिल से स्वागत
कृति सेनन ने अपने जीजा स्टेबिन बेन के लिए भी खास शब्द लिखे। उन्होंने कहा कि स्टेबिन पिछले पांच सालों से उनके परिवार का हिस्सा हैं और समय के साथ उनका रिश्ता और भी मजबूत हुआ है। कृति ने स्टेबिन को भाई और दोस्त बताते हुए सेनन परिवार में उनका खुले दिल से स्वागत किया।
फैंस ने की जमकर तारीफ
कृति का यह इमोशनल पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। फैंस उनकी बहन के प्रति प्यार और परिवार के साथ मजबूत रिश्ते की जमकर तारीफ कर रहे हैं।








