Kaun Banega Crorepati
नई दिल्ली,एजेंसियां। सदी के महानायक अमिताभ बच्चन के लोकप्रिय क्विज शो कौन बनेगा करोड़पति 17 में इस बार एक खास और भावनात्मक एपिसोड देखने को मिला। इस एपिसोड में अमिताभ बच्चन के नाती अगस्त्य नंदा अपनी अपकमिंग फिल्म ‘इक्कीस’ के प्रमोशन के लिए पहुंचे। अगस्त्य के साथ उनकी मां श्वेता बच्चन और बहन नव्या नवेली नंदा भी शो में मौजूद रहीं, जिससे पूरा माहौल पारिवारिक बन गया।
शो के दौरान
शो के दौरान अगस्त्य हॉट सीट पर बैठे और ऑडियंस से सवाल-जवाब का सिलसिला शुरू हुआ। इसी बीच एक दर्शक ने उनसे ऐसा सवाल पूछ लिया, जिसने उन्हें असहज कर दिया। सवाल था “आपका फेवरेट कौन है, नाना या नानी?” इस सवाल पर अगस्त्य मुस्कुरा तो उठे, लेकिन जवाब देने में साफ झिझकते नजर आए। उन्होंने हंसते हुए कहा, “यह बहुत मुश्किल सवाल है… अगला सवाल पूछिए।”
हालांकि, अमिताभ बच्चन ने भी मजाकिया अंदाज में दबाव बढ़ाते हुए कहा कि वह भी इसका जवाब जानना चाहते हैं। अगस्त्य की इस दुविधा पर शो में मौजूद उनकी फिल्म ‘इक्कीस’ के को-स्टार्स भी हंस पड़े और चुटकी लेते हुए बोले कि नानी का नाम लेंगे तो वैनिटी में पिटाई होगी और नाना का नाम लेंगे तो घर जाकर।
अमिताभ बच्चन ने अपने ब्लॉग में अगस्त्य की जमकर तारीफ की
इस हल्के-फुल्के पल ने दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। शो के बाद अमिताभ बच्चन ने अपने ब्लॉग में अगस्त्य की फिल्म ‘इक्कीस’ की जमकर तारीफ की। उन्होंने लिखा कि फिल्म देखते समय वे भावुक हो गए और अगस्त्य को पर्दे पर देखकर पुरानी यादें ताजा हो गईं। बिग बी ने अगस्त्य को एक परिपक्व अभिनेता बताया और कहा कि यह राय वह एक नाना नहीं, बल्कि एक सिनेमा प्रेमी के रूप में दे रहे हैं।
गौरतलब है कि ‘इक्कीस’ एक वॉर ड्रामा फिल्म है, जो 1 जनवरी 2026 को रिलीज होगी, जिसमें अगस्त्य नंदा परमवीर चक्र विजेता सेकेंड लेफ्टिनेंट अरुण खेत्रपाल की भूमिका निभाते नजर आएंगे।








