Bharat Bhagya Vidhata: फिल्मों में जबरदस्त वापसी की तैयारी में कंगना रनौत, ‘भारत भाग्य विधाता’ की शूटिंग शुरू

2 Min Read

Bharat Bhagya Vidhata

मुंबई, एजेंसियां। बॉलीवुड अभिनेत्री और सांसद कंगना रनौत एक बार फिर फिल्मों में सक्रिय नजर आ रही हैं। कंगना ने अपनी आगामी फिल्म ‘भारत भाग्य विधाता’ की शूटिंग शुरू कर दी है। उन्होंने सोशल मीडिया पर फिल्म के सेट से एक वीडियो साझा कर इस बात की जानकारी दी, जिसे देखकर फैंस में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।

सेट से सामने आया वीडियो

कंगना ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर अपनी प्रोडक्शन टीम द्वारा साझा किया गया वीडियो रीपोस्ट किया। वीडियो में वह फिल्म के सेट पर निर्देशक मनोज तापड़िया के साथ स्क्रिप्ट पर चर्चा करती नजर आ रही हैं। हाथ में स्क्रिप्ट और चेहरे पर फोकस साफ दिखाता है कि कंगना पूरी तैयारी के साथ अपने कमबैक में जुट गई हैं। वीडियो के साथ उन्होंने लिखा कि शूटिंग सेट पर लौटकर अच्छा लग रहा है।

2024 में हुई थी फिल्म की घोषणा

भारत भाग्य विधाता’ की घोषणा वर्ष 2024 में की गई थी। फिल्म आम लोगों की असाधारण कहानियों पर आधारित बताई जा रही है, जिसमें कंगना मुख्य भूमिका निभा रही हैं। फिल्म का उद्देश्य ऐसे किरदारों को सामने लाना है जो समाज में बदलाव की मिसाल बनते हैं।

‘इमरजेंसी’ के बाद नई शुरुआत

कंगना पिछली बार फिल्म ‘इमरजेंसी’ में नजर आई थीं, जिसमें उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी का किरदार निभाया था और फिल्म का निर्देशन भी किया था। हालांकि फिल्म बॉक्स ऑफिस पर ज्यादा सफल नहीं रही, लेकिन कंगना के अभिनय की काफी चर्चा हुई थी।

हॉलीवुड डेब्यू की भी तैयारी

इस बीच कंगना के करियर से जुड़ी एक और बड़ी खबर यह है कि वह जल्द ही हॉलीवुड में डेब्यू करने जा रही हैं। वह हॉरर-ड्रामा फिल्म ‘ब्लेस्ड बी द ईविल’ में अहम भूमिका निभाएंगी, जिसमें उनके साथ टायलर पोसी और स्कारलेट रोज स्टैलोन नजर आएंगे।

Share This Article