Kailash Kher: बेकाबू भीड़ पर भड़के कैलाश खेर, बीच में रोका स्टेज शो; लोगों की तुलना जानवरों से की

3 Min Read

Kailash Kher

भोपाल, एजेंसियां। मशहूर सूफी गायक और पद्मश्री सम्मानित कैलाश खेर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वे स्टेज शो के दौरान बेकाबू भीड़ पर नाराज होते नजर आ रहे हैं। यह घटना मध्य प्रदेश के ग्वालियर की है, जहां क्रिसमस के मौके पर भारत रत्न और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती के अवसर पर मेला मैदान में एक भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। इसी कार्यक्रम में कैलाश खेर अपनी लाइव प्रस्तुति दे रहे थे।

जानकारी के मुताबिक

जानकारी के मुताबिक, कैलाश खेर को देखने और सुनने के लिए हजारों की संख्या में लोग कार्यक्रम स्थल पर पहुंच गए थे। भीड़ इतनी ज्यादा हो गई कि सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। हालात तब बिगड़े, जब शो के दौरान कुछ लोग बैरिकेड तोड़ते हुए सीधे स्टेज के पास पहुंचने लगे। इससे कलाकारों और संगीत उपकरणों की सुरक्षा पर खतरा मंडराने लगा।

कैलाश खेर ने मंच से लोगों की शांति बनाए रखने अपील की

स्थिति को संभालते हुए कैलाश खेर ने मंच से लोगों से शांति बनाए रखने और अपनी जगह पर रहने की अपील की, लेकिन उनकी अपील का भीड़ पर कोई असर नहीं पड़ा। लगातार बढ़ती अव्यवस्था को देखकर कैलाश खेर का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने मंच से कहा कि अगर कोई उनके इंस्ट्रूमेंट्स के पास आया तो शो बंद कर दिया जाएगा। गुस्से में उन्होंने भीड़ के व्यवहार की तुलना जानवरों से करते हुए कहा कि इस तरह का आचरण स्वीकार्य नहीं है।हालात को गंभीर होता देख आयोजकों और सुरक्षा एजेंसियों ने एहतियातन शो को बीच में ही रोकने का फैसला लिया। मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने किसी तरह भीड़ को नियंत्रित किया और लोगों को पीछे हटाया।

राहत की बात यह रही

राहत की बात यह रही कि इस पूरी घटना में किसी के घायल होने या जान-माल के नुकसान की कोई सूचना नहीं मिली। हालांकि, इस घटना ने बड़े आयोजनों में भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। कैलाश खेर के ‘तेरी दीवानी’, ‘सइयां’ और ‘बम लहरी’ जैसे लोकप्रिय गीतों के कारण उनकी फैन फॉलोइंग जबरदस्त है, लेकिन यह घटना बताती है कि उत्साह के साथ-साथ अनुशासन भी उतना ही जरूरी है।

Share This Article